रामायण पर महाभारत: Ramayan वीडियो विवाद पर आरोप-प्रत्यारोप के बाद मामला थाने पहुंचा, भाजपा-कांग्रेस ने एक दूसरे के खिलाफ दर्ज करायी शिकायत, मुख्यमंत्री बोले…
Ramayan Par Mahabharat : छत्तीसगढ़ में रामायण पर महाभारत शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस इस मामले में आमने सामने है। सुबह आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति शाम होते-होते थाना-पुलिस तक पहुंच गयी। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने इस मामले में एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर मान मर्दन का आरोप लगाया है।
दरअसल शनिवार की सुबह से सोशल मीडिया में रामाय़ण का पॉलटिकल रिमिक्स वायरल हो रहा था। रामायण के टीवी कलाकारों के साथ छत्तीसगढ़ के राजनेताओं की तुलना करते हुए एडिटेड वीडियों पर सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो बवाल मच गया।
भाजपा ने इसे कांग्रेस की करतूत बताते हुए सरकार की साख को धूमिल करने का कुत्सित प्रयास बताया, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने इसे भाजपा की करतूत बताते हुए कांग्रेस नेताओं का अपमान करार दिया। वीडियो में जिस तरह के कांग्रेस की सांसद व पूर्व विधायक को राक्षस की भूमिका में दिखाया गया था, उस पर कांग्रेस ने तीखी आपत्ति दर्ज करायी।
शाम तक इस मामले में आरोप-प्रत्यारोप ही चलता रहा, लेकिन शाम जैसे गहरायी, भाजपा और कांग्रेस के नेता अलग-अलग एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंच गये। कांग्रेस का आरोप है कि उनके नेताओं को अपमानित किया जा रहा है, वहीं भाजपा ने भी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए शिकायत सिविल लाइन थाने में की है।
भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ शिकायत की है और आरोप लगाया है कि एडिटेड वीडियो डालकर सीएम की छवि धूमिल कर रहे है। भाजपा ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत की है। भाजपा ने एडिटेड वीडियो डालकर सीएम साय की छबि धूमिल करने का आरोप लगाया है।
इससे पहले कांग्रेस के कई नेता थाने पहुंचे थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी है कि वीडियो के जरिये कांग्रेस के नेताओं को अपमानित किया गया है। मामले में शिकायत दर्ज कर जांच और FIR करने की मांग की गयी है।
मुख्यमंत्री ने भी दी थी प्रतिक्रिया
इधर, रामायण वाले वीडियो पर बोले सीएम साय का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि अभी तक हमने देखा नहीं है, लेकिन हमने भी सुना है। उन्होंने कहा कि अब कौन ऐसा किया है, क्या किया है, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन अभी तक देखे नहीं है, लेकिन देखना जरूर है।
सीएम के मीडिया सलाहकार ने भूपेश बघेल पर उठाये सवाल
रामायण पर वायरल वीडियो पर मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने पूर्व सीएम बघेल के ट्वीट पर कहा है कि जैसा आपका और आपकी पार्टी का रिकॉर्ड रहा है श्रीमान, वैसे में कोई बड़ी बात नहीं कि सुर्खियां बटोरने के लिए खुद ही बनवाया हो और उसका खुद ही विरोध कर हमेशा की तरह नॉन इशू को इशू बनाने में लगे हों।अगर ऐसा नहीं है, तो आम जनता अपनी तरह से आजकल रचनात्मक अभिव्यक्ति करती है, सोश्यल मीडिया पर, इसमें अनावश्यक रूप से किसी ‘टीम’ पर प्रहार करना आपकी विवशता दिखाता है।अगर यह आपकी टीम ने नहीं किया है, तो ऐसी क्रियेटिविटी को अपने विरुद्ध प्राकृतिक न्याय मानकर कृपया सहन कीजिये। भांचा राम आपको सहिष्णु बनायें।