बलौदाबाजार मुद्दा गरमाया: कांग्रेस बोली, प्रशासन रहा फेल, इसलिए हुई घटना, उप मुख्यमंत्री बोले, रचा गया षड़यंत्र, कुछ जिम्मेदार लोगों ने…

बलौदाबाजार 21 जुलाई 2024। विधानसभा सत्र शुरू होने के ठीक पहले कांग्रेस ने बलौदाबाजार हिंसा मामले को हवा दे दी है। कांग्रेस ने प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस पर बेगुनाहों को जेल में डालने का आरोप लगाया। बलौदाबाजार घटना की रिपोर्ट पर जांच के लिए कांग्रेस ने समिति का गठन किया था। समिति के अध्यक्ष शिव डहरिया ने कहा है कि बलौदाबाजार में जो घटना हुई थी उसमें कमेटी बनाई गई थी। 13 जुलाई को कमेटी बलौदाबाजार गई थी। वहां लोगों ने बताया है कि सरकार अनुसूचित जाति और सतनामी समाज को प्रताड़ित करने का काम कर रही है।

डहरिया ने कहा कि 17 मई को FIR दर्ज किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। फिर, आनन फानन में 3 मजदूरों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने जानबूझकर घटना को छुपाने और दबाने के लिए दूसरे लोगों पर कार्रवाई की है। बीजेपी की सरकार बेपरवाह होकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही। 10 तारीख को आंदोलन करने अनुमति मांगी गई थी, जिसमे बीजेपी के लोग भी शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शन स्थल पर ही ज्ञापन लिया जाता है। वहां ज्ञापन लेने के लिए कोई नहीं गया।

असमाजिक तत्व को देखने और रोकने का काम प्रशासन का था। बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता इसमे शामिल थे, घटना में जो शामिल नहीं थे उनको भी जेल में डाला जा रहा है। समिति द्वारा जांच के बाद पाया गया कि घटना प्रशासन के फेल होने से हुई है। घटना के लिए बीजेपी की सरकार दोषी है। असमाजिक तत्वों की प्रदर्शन में घुसपैठ हुई और बड़ी घटना को अंजाम दिया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बयान

बलौदबाजार मामले को लेकर कांग्रेस सदन में मुद्दे को उठायेगी। इधर इस मामले में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है। विजय शर्मा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि इस घटना की अभी जांच चल रही है। अब तक 150 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये षड़यंत्र पूर्वक किया गया मामला है। विजय शर्मा ने कहा कि कुछ जिम्मेदार लोगों के द्वारा ये किया गया है।

Related Articles

NW News