CG: धर्म परिवर्तन का गंदा खेल: शैतान का डर दिखाकर बीमार युवती की छाती पर चढ़कर तोड़ दी पसली, मौत के बाद मचा हड़कंप

गरियाबंद 23 मई 2025। गरियाबंद जिले में प्रार्थना से इलाज के नाम पर धर्म परिवर्तन का गंदा खेल खेले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मानसिक रूप से बीमार युवती के शरीदी में शैतान होने का दावा कर उसकी छाती पर चढ़कर प्रार्थना किया गया। जिससे युवती की पसली टूट गयी और संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद मृतिका की मां ने इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट थाने में दर्ज करायी है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला गरियाबंद जिला के सुरसाबांधा गांव की है। मृतिका 18 वर्षीय योगिता की मां सुनिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी है। उसने बताया कि उसकी बेटी की मानसिक हालत सही नही थी। पति की मौत के बाद बेटी का इलाज करवाने के लिए वह रायपुर के एक निजी हास्पिटल भी गयी। लेकिन वहां के इलाज से बेटी योगिता को ज्यादा लाभ नही मिला।
इसके बाद सुनीता अपनी बेटी को लेकर महासमुंद अपने मायके लौट आयी। इसी दौरान उसे गरियाबंद के सुरसाबांधा गांव में रहने वाली ईश्वरी साहू के संबंध में जानकारी मिली। सुनीता को बताया गया कि ईश्वरी साहू प्रार्थना कर बीमार लोगों को ठीक कर देती है। इस जानकारी के बाद सुनीता के मन में एक बार फिर बेटी के स्वस्थ हो जाने की उम्मींद जागी और वह अपनी बेटी को लेकर ईश्वरी साहू के पास पहुंची।
शैतान होने के नाम पर 3 महीने तक बंधक बनाकर रखा
पीड़ित सुनीता का आरोप है कि जब वह ईश्वरी साहू के पास अपनी बेटी को लेकर पहुंची, तो उसने बेटी के शरीर में शैतान होने की बात कही। इसके बाद इलाज के नाम पर उन्हे प्रार्थना और बाइबिल पढ़ने को मजबूर किया। सुनीता का आरोप है कि ईश्वरी साहू ने उन्हें शैतान का भय दिखाकर किसी से संपर्क न करने और घर से बाहर न निकलने की हिदायत देकर तीन महीने तक घर पर बंधक बनाकर रखा। जिसके कारण उसकी बेटी योगिता की हालत लगातार बिगड़ती गई और उसकी मौत हो गई।
शैतान भगाने के नाम पर लड़की की छाती पर चढ़कर प्रार्थना
सुनीता सोनवानी के ने बताया कि ईश्वरी साहू ने उन्हें बताया था कि योगिता के शरीर में शैतान है। लिहाजा शैतान भगाने के नाम पर वो योगिता की छाती पर चढ़कर शैतान प्रार्थना करती थी। इसके बाद गर्म तेल लगाती, इसका विरोध करने पर उसकी बेटी को बुरी तरह से मारती थी। युवती की मौत के बाद उसके पीएम रिपोर्ट में युवती की पसली की हड्डी टूटने और हार्ट अटैक से जान जाने की रिपोर्ट सामने आयी है।
परिवार पर धर्म बदलने का बनाया गया दबाव
पीड़ित सुनीता ने बताया कि बेटी के इलाज के दौरान लगातार ईश्वरी साहू उनसे बाइबिल पढ़ाने के साथ ही प्रार्थना करवाती थी। इसके साथ ही बेटी के शरीर से शैतान हटाने के लिए उन पर धर्म परिवर्तन का भी दबाव बनाया जाता रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाज के नाम पर ईश्वरी साहू के घर पर अक्सर चंगाई सभा का भी आयोजन किया जाता है। जिसके जरिये वह बीमार लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का काम करती है। इन सारे खुलासों के बाद पुलिस ने आरोपी ईश्वरी साहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।