CG: लापरवाही की इंतहा…जब इंस्पेक्शन के दौरान कलेक्टर को डॉक्टर ही नहीं मिले, मरीजों का खाना था ठंडा, पौष्टिक लड्डू भी एक्सपायरी डेट का

धमतरी 22मई 2024। इंस्पेक्शन के लिए पहुंची कलेक्टर ने जिला अस्पताल में लापरवाही का आलम देखा तो जमकर फटकार लगा दी। मामला धमतरी के जिला अस्पताल का है, जहां कलेक्टर नम्रता गांधी औचक निरीक्षण के लिए पहुंची थी। जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही पर कलेक्टर ने सिविल सर्जन को खरी खरी सुना दी। मरीजों को परोसा जाने वाला खाना जहां पूरी तरह से ठंडा था, वहीं मरीजों को बांटा जाने वाला लड्डू पूरी तरह से ठंडा हो चुका था। कलेक्टर ने इस लापरवाही के लिए ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने का आदेश दिया है।
दरअसल धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी ने जिला अस्पताल शाम को औचक निरीक्षण करने पहुंच गई। कलेक्टर को शाम में अस्पताल में निरीक्षण करते देख हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को कई डॉक्टर ड्यूटी से नदारद मिले, जिस पर उन्होंने सिविल सर्जन को नाराजगी जताते हुए डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के सख्त आदेश दिए हैं।
साथ ही निरीक्षण के दौरान धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी भोजन कार्यस्थल पर पहुंची, जहां मरीजों को दिए जाने वाला भोजन ठंडा पाया गया। इस पर कलेक्टर ने तीखी नाराजगी जताई। वहीं अन्य खाद्य सामग्री का निरीक्षण के दौरान मरीज को दिए जाने वाला पौष्टिक पदार्थ रायजीरा लड्डू एक्सपायरी डेट का पाया गया। जिस पर धमतरी कलेक्टर ने दो टूक आदेश जारी करते हुवे ठेकेदार पर सख्त कार्यवाही के आदेश दे दिए। इस मामले में ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने का निर्देश दिया है। कलेक्टर ने बताया कि मरीजों की सेहत के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।