हेडलाइन

CG : पुलिस कस्टडी में जवानों को चकमा देकर नक्सली हुआ फरार , SP ने दो जवानों को किया सस्पेंड

दंतेवाड़ा 20 मई 2024। दंतेवाड़ा जिला में पुलिस की हिरासत से एक नक्सली फरार हो गया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार नक्सली को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया था। जेल ले जाने के दौरान तबियत बिगड़ने पर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से पुलिस जवानों को चकमा देकर नक्सली फरार हो गया। इस मामले में एसपी ने 2 जवानों को सस्पेंड कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक पुलिस कस्टडी से फरार नक्सली का नाम देवा राम नुप्पो बताया जा रहा है। देवा राम मूलतः रेवाली का रहने वाला जनमिलिशिया सदस्य है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों दंतेवाड़ा पुलिस ने 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। इनमें देवा राम भी शामिल था। गिरफ्तारी के बाद दंतेवाड़ा पुलिस उसे कोर्ट में पेश कर जेल दाखिल कराने ले जा रही थी। इस दौरान अचानक देवा राम की तबीयत बिगड़ गई। जिसे देख पुलिस जवान उसे जेल ले जाने के बजाये सीधे जिला अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया था।

जहां से देवा राम ने मौका देखकर पुलिस जवानों को चकमा देकर भाग निकला। नक्सली के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस थानों को अलर्ट कर पतासाजी का आदेश दिया गया। वहीं पुलिस अब जिला अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। जिले के सभी थानों में इसकी जानकारी दी गई है। दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने बताया कि आरोपी नक्सली के साथ जिन जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी, उनमें एक हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल था। इस गंभीर लापरवाही पर दोनों जवानों को निलंबित कर दिया गया है।

Back to top button