छत्तीसगढ़ उपचुनाव अपडेट: सुबह से ही मतदाताओं की लगी कतार, कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने डाला वोट, इन लोगों ने किया मतदान
रायपुर 13 नवंबर 2024। रायपुर दक्षिण में उप चुनाव की वोटिंग शुरू हो गयी है। सुबह 7 बजे से जारी वोटिंग में सुबह से ही लोगों का उत्साह दिख रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने सुबह सुबह ही मतदान किया। कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा ने पंडित सुंदरलाल शर्मा स्कूल में वोट डाला है। इससे पहले उन्होंने मंदिर में पूजा की थी। किन्नर समाज के लोग उन्हें आशीर्वाद देने पहुंचे थे।
वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। दक्षिण सीट से 30 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें 2 लाख 71 हजार से ज्यादा वोटर शामिल होंगे। मतदान को लेकर वोटर्स में उत्साह नजर आ रहा है। पोलिंग बूथों में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंच रही हैं। अश्विनी नगर से रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने भी वोटिंग की।
छत्तीसगढ़ी फिल्मों की एक्ट्रेस मोना सेन ने भी वोट डाला है। मठपुरेना पोलिंग बूथ में लंबी कतार लगी है। सुबह से लोग मतदान केंद्र पहुंचने लगे हैं। इस सीट से मुख्य मुकाबला बीजेपी से सुनील सोनी और कांग्रेस से आकाश शर्मा के बीच है। 23 नवंबर को इसके नतीजे आएंगे। सुरक्षा के लिहाज से करीब लगभग पांच सौ जवानों के साथ पांच सीआरपीएफ कंपनियां तैनात हैं। वहीं पुलिस की टीम बूथ के बाहर मौजूद हैं।