निर्माणाधीन इमारत हादसे पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुख्यमंत्री बोले, अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य के दिये हैं निर्देश
रायपुर 11 जनवरी 2025। राजधानी रायपुर में बड़ा हादसा हो गया। रायपुर के VIP रोड पर निर्माणाधीन 7 मंजिला इमारत की छत गिर गई। इस दौरान छत पर काम कर रहे सभी मजदूर भी नीचे गिर गए। हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं 6 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। घटना पर मुख्यमंत्री ने दुख जताया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर कहा है कि राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन इमारत के गिरने से 2 लोगों की मृत्यु और कई अन्य लोगों के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है।घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारियों को राहत और बचाव कार्य हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा है कि घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य जारी है और स्थिति की सतत निगरानी भी की जा रही है। ईश्वर से घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने व दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ।
अविनाश एलिगेंस बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर छत की ढलाई का काम चल रहा था, तभी शाम को छत का एक हिस्सा गिर गया। इसके साथ ही सेंट्रिंग प्लेट और लोहे का स्टैंड भी गिर गया। इसके नीचे सभी मजदूर दब गए। घायलों में बिहार के 2 मजदूर भी शामिल हैं। सिर और पैरों में चोट आई है। भास्कर रिपोर्टर मौके पर मौजूद है।