दुख-दर्द कम करता ‘जनदर्शन’…..दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सीधे सुलझा रहे सीएम विष्णु देव साय

 

Telegram Group Follow Now

लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि जन प्रतिनिधि वास्तव में जनता से सीधे रुबरू होकर उनका हाल-चाल जानता है। उनकी शिकायतें, समस्याएं सुनकर उन्हें सुलझाता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हर हफ्ते गुरूवार के दिन ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम के जरिये जनता दरबार लगाने की शुरूआत की है। आम जनता की सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच, एक ओर शासन-प्रशासन में सुशासन के वातावरण को और प्रकाशमान कर रहा है। वहीं जनमानस का विश्वास सरकार के प्रति मजबूत होकर निखर रहा है। आम जनता के प्रति उनकी निकटता, उनके समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जनता के प्रति एक जिम्मेदार मुख्यमंत्री होने का फर्ज निभाने जैसा है और निःसंदेह इस कार्यक्रम से समस्याओं के समाधान और जनता से संवाद आसान हुआ है।

जनदर्शन कार्यक्रम महज जनता से भेंट करने का माध्यम ही नहीं है, यह एक ऐसा विश्वास का सेतु है, जिसमें संवाद भी है और समस्याओं के समाधान के साथ प्रदेश का विकास भी समाहित है। अरसे बाद एक बार फिर मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है। इस जनदर्शन कार्यक्रम का लोगों को बेसब्री से इंतजार भी था। वे अपने मुखिया से मिलकर अपना सुख-दुख साझा तो करते ही है, इसके साथ ही संवाद के माध्यम से प्रदेश

 

के विकास की अवधारणा को लेकर अपना मंतव्य प्रकट करते हैं। आदिवासी मुख्यमंत्री होने के साथ ही सरलता, सहजता का पर्याय विष्णुदेव साय अपने मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधे जुड़ने का प्रयास उनके धरातल से जुड़े रहने का अहसास कराता है। साधारण से ग्रामीण परिवार वाले पृष्ठभूमि से आए मुख्यमंत्री गरीबों के साथ जरूरतमंदों के लिए अब आसानी से उपलब्ध रहते हैं। मुख्यमंत्री जैसे पद पर जहां निरन्तर व्यस्तताएं होती है और सभी लोगों तक पहुंच पाना और उनकी समस्याओं को, उनकी बातों को सुन और समझ पाना चुनौती है, ऐसे में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन करके प्रदेश भर की जरूरतमंद जनता से मुलाकात करने का निर्णय साहसिक और सराहनीय भी है।

कांग्रेस ने विधानसभावार बांटी जिम्मेदारी, दो सचिव व संयुक्त सचिव को मिली ये जिम्मेदारी

 

मॉनिटरिंग भी हो रही

सरगुजा से लेकर बस्तर तक के आमजनों की समस्याएं-शिकायतें मुख्यमंत्री द्वारा आसानी से सुनी जा रही है। जाहिर है कि प्रदेश के मुखिया तक बात पहुंचने से उनकी समस्याओं के समाधान में गतिशीलता भी नजर आ रही है। जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संवेदनशील पहल और त्वरित निर्णयों से लोगों के मन में एक नई आशा का संचार कर दिया है। प्रदेश के सभी कोने से लोग मुख्यमंत्री के जनदर्शन में जुट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे धैर्य के साथ लोगों की समस्याओं को सुनकर मौके पर ही इनका निराकरण करने के निर्देश देते हैं। जब तक आखरी आवेदक कतार में होता है, मुख्यमंत्री भी अपनी कुर्सी से हिलते नहीं हैं। पूरे समय तक तन्मयता से लोगों को सुनते रहते हैं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में भीड़ महिलाओं की होती है। जनदर्शन के तुरंत पश्चात आये सभी आवेदनों के प्रभावी निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया। इसकी मानिटरिंग भी आरंभ कर दी गई है।

 

बगिया में भी सुनते हैं सबकी बात

वैसे तो प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय राजधानी स्थित अपने निवास में और जिलों के कार्यक्रमों में आम जनता से निरन्तर मुलाकात करते रहते हैं और उनकी समस्याएं भी सुनते रहते हैं। उन्होंने अपने गृहग्राम बगिया में आम जनता की समस्याओं को सुनने और निराकृत करने अलग से कैम्प भी बनवाया है। वे जब अपने गृहग्राम जाते हैं तो भी बड़ी सहजता से आमजनों से मुलाकात कर समस्या का निराकरण करते नजर आते हैं। वे जब नहीं होते हैं तो उनके मार्गदर्शन में उनकी पत्नी द्वारा भी आमजनों से मुलाकात की जाती है। जरूरतमंदों को मार्गदर्शन किया जाता हैं। गृहग्राम बगिया में जनदर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने अनेक लोगों की समस्याओं का निराकरण किया है। एम्बुलेंस भेजकर गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज को अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार भी कराए हैं।

CHANDRA GREHAN : चंद्र ग्रहण...पितृ पक्ष में कैसे होगा प्रतिपदा श्राद्ध....जानें सूतक काल और इसका प्रभाव

 

हर किसी को गुरुवार का इंतजार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सीएम हाउस में हर हफ्ते गुरुवार के दिन होने वाले जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात का इंतजार रहता है। सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की सबसे अहम कड़ी जनता से प्रत्यक्ष संवाद है। जनदर्शन के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सुशासन को और भी प्रभावी बनाने में ठोस मदद मिल रही है। किसी से रोजगार के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। किसी गरीब की जमीन का बटांकन का काम रुका हुआ है, तो उसके लिए तत्काल अफसरों को निर्देश दिए जा रहे हैं। किसी का दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं बना है, तो कोई राशन कार्ड या श्रम कार्ड बनवाने के लिए भी सीधे सीएम हाउस पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सीधे सुन रहे हैं और उनका तत्काल समाधान भी किया जा रहा है।

NW News