क्राइम

CG : ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर दंपति की गई जान, एक ट्रैक्टर के पीछे जोड़ रखी थी दो-दो ट्राली, पुलिस ने कहा….

दुर्ग 22 मई 2024। दुर्ग जिला में मार्निंग वाॅक करने निकली एक दंपति ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर दब गये। इस घटना में दंपति की जहां मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी,वहीं उनके साथ मौजूद 7 साल का नाती इस घटना में बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि कम समय में ज्यादा माल ढोने के चक्कर में ट्रैक्टर के चालक ने इंजन के साथ दो ट्राली जोड़ रखी थी। ब्रेकर में उछाल मारने पर एक ट्राली का ज्वाइंटर निकल गया और अनियंत्रित ट्राली ने दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सड़क दुर्घटना का ये मामला दुर्ग के नंदिनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक अहिवारा निवासी 58 वर्षीय नुमान सिंह साहू अपनी पत्नी पिरीतिन बाई साहू और सात साल के नाती को लेकर सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि तीनों टहलते हुए अहिवारा बाईपास के पास पहुंचे थे। इसी दौरान धमधा की ओर से एक ट्रैक्टर और उसके पीछे लगी दो ट्राली वहां से गुजर रही थी। दोनों ट्राली में खाद लदा था। सड़क पर बने ब्रेकर में गाड़ी के उछलने से पिछली ट्राली का ज्वाइंटर अचानक निकल गया। जिससे ट्राली इंजन से अलग होने के बाद अनियंत्रित होकर नुमान सिंह साहू और उसकी पत्नी को अपनी चपेट में ले लिया। ट्राली को अपनी ओर आता देख पिरीतिन ने अपने सात साल के नाती को सड़क के दूसरी ओर धक्का दे दिया। जिससे वो बाल बाल बच गया।

इस हादसे में पिरीतिन बाई साहू और नुमान सिंह साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पिरीतिन बाई साहू की पहले मौत हो गयी, इसके बाद गंभीर रूप से घायल नुमान सिंह साहू ने भी दम तोड़ दिया। सड़क दुर्घटना के इस मामले में किसान और परिवहन करने वालों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक ट्रैक्टर का खर्च बचाने के लिए वाहन मालिक और चालक इस तरह ट्राली के पीछे एक और ट्राली जोड़ने का जुगाड़ बनाकर खुद के साथ ही लोगों की जान जोखिम में डालकर लगातार परिवहन किया जा रहा है। जबकि नियमानुसार एक ट्रैक्टर में एक ही ट्राली लगाने का प्रावधान है। बावजूद इसके ग्रामीण क्षेत्रों में एक ट्रैक्टर इंजन से दो-दो ट्राली जोड़कर चलाया जा रहा है। नंदिनी नगर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button