CG- वेतन भुगतान में लेट लतीफी नहीं होगी बर्दाश्त, उप मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में दिये कड़े निर्देश, लंबित वेतन को…

रायपुर 27 सितंबर 2024। उप मुख्यमंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में नगर पंचायतों की समीक्षा बैठक चल रही है। समीक्षा बैठक के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व संग्रहण और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. और संचालक कुंदन कुमार भी समीक्षा बैठक में मौजूद हैं। रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में हो रही इस बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कई अहम निर्देश दिये हैं।

Telegram Group Follow Now

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान प्राथमिकता से करें। समय पर वेतन भुगतान की शिकायत नहीं आना चाहिए। वहीं राजस्व संग्रहण की राशि का उपयोग वेतन और स्थापना में करने के निर्देश दिये हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संग्रहण राशि का अन्य भुगतान में उपयोग ना करे। वहीं प्रदेश के कस्बों और छोटे शहरों का विकास भविष्य की जरूरतों के अनुरूप करने के निर्देश दिये हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों का जीवन कैसे आसान और सुविधाजनक बना सकते हैं, इस पर अधिकारियों को ध्यान देने की जरूरत है। सरकार द्वारा जो ज़िम्मेदारियां दी गई हैं उन पर खरे उतरने की जरूरत है।

उप मुख्यमंतारी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों और नगर पंचायतों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। वे इस दौरान नगर पंचायतों में आय-व्यय की स्थिति, राजस्व वसूली, निर्माण कार्यों की प्रगति, स्वच्छ भारत मिशन और मिशन अमृत सहित प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में नगरीय निकायों को काम के पुराने तरीकों में बदलाव लाते हुए नई कार्य संस्कृति विकसित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण, सप्लाई और खरीदी से इतर अन्य जरूरी कार्यों में भी पूरा ध्यान देने को कहा। उन्होंने निकायों के काम-काज में अपेक्षित सुधार लाते हुए परिणाममूलक कार्य करने पर जोर दिया। श्री साव ने अधिकारियों से कड़े शब्दों में कहा कि शासन के निर्देशों की अवहेलना, अनियमितता, गड़बड़ी और गुणवत्ताहीन कार्य अक्षम्य होगा। ऐसा करने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने सभी नगरीय निकायों में कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को अगस्त और सितम्बर माह के वेतन का भुगतान आगामी 1 अक्टूबर तक करने को कहा। उन्होंने नगरीय निकायों को राजस्व संग्रहण बढ़ाने के लिए गंभीरता और सक्रियता से काम करने के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि समय पर वेतन भुगतान नहीं होने की शिकायत नहीं आना चाहिए। उन्होंने कर वसूली की नियमित समीक्षा करते हुए बड़े बकायादारों से कड़ाई से टैक्स वसूलने के निर्देश दिए।

Related Articles