देवेंद्र यादव ने की राहुल गांधी से मुलाकात, अहम जिम्मेदारी मिलने की लग रही अटकलें..

रायपुर 22 फरवरी 2025। बलौदाबाजार कांड में जेल में बंद कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव शुक्रवार को 7 माह बाद जेल से बाहर निकले। जेल से निकलने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें दिल्ली बुलाया था। दिल्ली में देवेंद्र यादव ने राहुल गांधी से मुलाकात की है।
राहुल गांधी से मुलाक़ात के बाद सोशल मीडिया में देवेंद्र यादव ने लिखा है कि 192 दिनों की जेल यात्रा के बाद आज नई दिल्ली में हमारे नेता, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। बाबा साहब के दिखाए रास्ते पर चलते हुए देश से नफरत की राजनीति को खत्म करने आपने जो बीड़ा उठाया है वही मेरा आदर्श है।
आज देशभर में किसान, मजदूर आदिवासी, दलित, महिलाओं युवाओं का हक छीना जा रहा है, उनके अधिकारों के लिए लगातार कांग्रेस पार्टी लड़ती आई है। आगे भी आपके नेतृत्व में यह न्याय की लड़ाई हम लड़ते रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक देवेंद्र यादव को कुछ अहम जिम्मेदारी पार्टी सौंप सकती है। देवेंद्र यादव की रिहाई उस वक्त हुई है, जब प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की बात चल रही है। अध्यक्ष के साथ-साथ दो कार्यवाहक अध्यक्षों की नियुक्ति की भी बात की जा रही है। चर्चा है कि देवेंद्र यादव की भी दावेदारी उन पदों पर हो सकती है।