व्याख्याता सस्पेंड: JD की जांच रिपोर्ट के बाद DPI ने लिया एक्शन, व्याख्याता के खिलाफ ये मिली थी शिकायत
Teacher Suspend : फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे व्याख्याता को राज्य सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। व्याख्याता का नाम जसवंत सिंह राजपूत है। जानकारी के मुताबिक डीपीआई ने जेडी की जांच रिपोर्ट के आधार पर ये कार्रवाई की है। जानकारी के मुंगेली जसवंत सिंह राजपूत मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल, बैगाकापा में पदस्थ थे। आरोप है कि उन्होंने फर्जी बीएड प्रमाणपत्र के आधार पर नौकरी पायी थी।
जांच के आधार पर व्याख्याता जसवंत सिंह राजपूत को निलंबित कर दिया गया है। जसवंत सिंह राजपूत के खिलाफ फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी पाने की शिकायत की गयी थी, जिसके आधार पर संयुक्त संचालक बिलासपुर ने जांच की। जांच में शिकायत सही पायी गयी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गयी।
जानकारी के मुताबिक जसवंत राजपूत की नियुक्ति 1992 में उच्च वर्ग शिक्षक के पद पर शासकीय हाईस्कूल, बैगाकापा में हुई थी। बाद में वो 2004 में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर से प्रथम श्रेणी में स्वाध्यायी बीएड परीक्षा उत्तीर्ण करने का दावा करते हुए विभाग में अंकसूची प्रस्तुत की थी। इसी प्रमाणपत्र के आधार पर उन्हें उच्च वर्ग शिक्षक से प्रधानपाठक और बाद में 2008 में व्याख्याता के पद पर पदोन्नत किया गया।
लेकिन आरोप है कि जिस बीएड प्रमाण पत्र का दावा किया गया, दरअसल वो फर्जी था। जांच में शिकायत सही पायी गयी, जिसके बाद ये कार्रवाई की गयी।