छत्तीसगढ़ में मानसून: बस्तर में ऑरेंज अलर्ट, 9 जिलों में गरज-चमक और बारिश का येलो अलर्ट

रायपुर, 11 जून 2025।छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में अब बारिश की गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। कल देर शाम रायपुर में तेज आंधी और झमाझम बारिश ने मानसून की आमद का संकेत दे दिया।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से मानसून की सक्रियता और बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) फैली हुई है, जो मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के हिस्सों को प्रभावित कर रही है।

अलर्ट की स्थिति:

  • बस्तर संभाग के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

  • बिलासपुर और रायपुर संभाग के 9 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

बस्तर में मानसून

मौसम विभाग ने कहा है कि फिलहाल मानसून बस्तर क्षेत्र में अटका हुआ है, लेकिन 14-15 जून के बीच पूरे प्रदेश में इसके प्रभावी होने की संभावना है। बीते हफ्तों तक मानसून की रफ्तार बेहद धीमी रही, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में अधिक तापमान और सूखे जैसे हालात बन गए थे।

राजधानी समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में आज भी हल्की बारिश, गरज-चमक, और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खुले में बिजली गिरने की स्थिति से बचने की अपील की है।छत्तीसगढ़वासियों के लिए यह मानसून खुशियों की बारिश लेकर आए, यही उम्मीद है। फिलहाल कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए राहत की खबर है कि अब जल्द ही बारिश का दौर पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा।

अचानकमार के 13 वनग्रामों में लौटेगा उजियारा... क्रेडा की पहल से फिर चमकेगा जीवन...मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन अभियान से बदली तस्वीर

Related Articles