CG- कांस्टेबल भर्ती फर्जीवाड़ा मामले में राजनीति गरमायी, कांग्रेस ने की CBI जांच की मांग, भाजपा बोली, दोषी को बख्शा नहीं जायेगा

Constable Bharti News : राजनांदगांव में कांस्टेबल भर्ती फर्जीवाड़ा के खुलासे ने हड़कंप मचा दिया है। खबर है कि इस मामले में कई अधिकारियों की भी संलिप्तता उजागर हो सकती है। राजनांदगांव जिला में आरक्षक भर्ती गड़बड़ी मामले में 14 लोगों को संदेह का दायरे में रखा गया था, जिसमें से एक ने अपनी जान दे दी। मामले में 4 पुलिसकर्मी सहित 2 टेक्निकल टीम के लोगों को न्यायालय समक्ष पेश किया गया।
16 दिसंबर को पुलिस में लालबाग थाने में FIR दर्ज की थी। जिसके बाद एक एसआईटी मामले की जांच कर रही है। SIT की टीम में एक एएसपी सहित चार पुलिस अधिकारी शामिल हें, जो 10 दिनों के अंदर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। इधर, मामले पर राजनीति भी गरम है। कांग्रेस ने इस मामले में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और CBI जांच की मांग कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का कहना है कि पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। दीपक बैज का आरोप है कि भाजपा सरकार चहेतों को पद बेच रही है।
वहीं भाजपा कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकने नसीहत दे रही है। भाजपा की तरफ से स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वो ऐसे मुद्दों को तूल दे रही है, जिसकी जांच पहले से हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। कानून से बढ़कर कोई नहीं है, किसी भी दोषी को छोड़ा नही जायेगा।