युवा व्याख्याता की सड़क हादसे में गयी जान, बाइक को बोलेरो ने मारी टक्कर, मौके पर ही…

बस्तर 12 अगस्त 2024। भीषण सड़क हादसे में शिक्षक व्याख्याता की जान चली गयी। व्याख्याता का नाम विकास कुमार यादव है। बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर में विकास कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना बस्तर जिले के भानपुरी की है। जानकारी के मुताबिक व्याख्याता काम के बाद अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान विकास कुमार यादव की बाइक को सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी।

2019 में हुई नयी भर्ती में विकास कुमार यादव का सेलेक्शन व्याख्याता के पद पर हुआ था। उनकी पोस्टिंग हाईस्कूल पखनाकोगेरा में हुई थी। अभी वो पखनाकोंगेरा में ही पदस्थ थे। रविवार की देर रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बालेगा के पास वो भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गये।

विकास कुमार यादव मूल रूप से बालोद के रहने वाले थे। हालांकि उनके पिता भानपुरी में पटवारी के तौर पर पदस्थ थे, दो साल पहले ही वो सेवानिवृत हुए थे। अभी दिवंगत शिक्षक विकास कुमार यादव भानपुरी से ही शासकीय हाईस्कूल पखनाकोंगेरा, विकासखंड बस्तर संकुल सालेमेटा वन आना-जाना करते थे।

उनके निधन की खबर पर बस्तर क्षेत्र के शिक्षकों में शोक व्याप्त है। संयुक्त शिक्षक संघ के बस्तर जिलाध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी ने युवा शिक्षक के निधन पर दुख जताते हुए कहा है कि उनके निधन से शिक्षक परिवार काफी मर्माहत है। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवार के साथ उनका संगठन पूरी तरह से खड़ा है।

कौन है ये लड़की माया...जो जल्‍द रतन टाटा का बिजनेस संभालेगी! क्या है रतन टाटा का इसका रिश्ता
NW News