टॉप स्टोरीज़

CG दबंगई – 24 घंटे से मां के अंतिम संस्कार के लिए भटक रहा बेटा, गांव में लाश दफनाने पर दबंगो ने लगाई रोक, SP शलभ सिन्हा बोले……

 

कांकेर 15 दिसंबर 2021- कांकेर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पिछले 24 घंटे से एक शख्स अपनी बूढ़ी मां की मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए भटक रहा है, लेकिन गांव के लोग पीड़ित परिवार पर धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार पर रोक लगाये हुए है। गांव के मुखिया और दूसरे लोगों की दबंगई से परेशान होकर पीड़ित शख्स ने एसपी से गुहार लगाई है, ताकि उसकी मां का अंतिम संस्कार किया जा सके।

पूरा मामला कांकेर जिला के कुलगांव पंचायत के आश्रित ग्राम गोवर्धन का है। बताया जा रहा है यहां गांव में संग्राम उइके का परिवार निवास करता है। उसकी मां पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। इसी दौरान मंगलवार की शाम 6 बजें संग्राम उईके की मां की मौत हो गयी। बूढ़ी मां की मौत के बाद जब पीड़ित परिवार ने गांव के मुखिया को जानकारी देने के बाद शव दफनाने की तैयारी कर रहा था, तभी ग्रामीणों ने गांव में लाश को दफनाने पर आपत्ति जता दी।

पीड़ित संग्राम उईके की माने तो उसने अपनी जमीन पर अपनी मां का शव दफनाने की भी विनती की, लेकिन गांव के लोग ने उस पर धर्म परिवर्तन करने की बात कहते हुए उसकी मां के अंतिम संस्कार पर रोक लगा दी गयी। गांव के मुखिया और ग्रामीणों की दबंगई से पीड़ित शख्स ने आज कांकेर एसपी शल्भ सिन्हा से गुहार लगाई। वही पीड़ित शख्स ने गांव के मुखिया पर भी धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित शख्स की माने तो उसने परिवार के लोगों के लगातार बीमार रहने के कारण वह काफी परेशान था।

बीमारी से निजात पाने के लिए उसने ईसाई धर्म अपना लिया था, जिस बात को लेकर गांव के लोगों ने आपत्ति जताते हुए अब उसकी मां के अंतिम संस्कार पर रोक लगा दी। मामला एसपी के संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम को तत्काल गांव में रवाना किया गया। लेकिन घंटो की मशक्कत के बाद भी देर शाम तक गांव के लोग पीड़ित शख्स की मां का गांव में अंतिम संस्कार के लिए तैयार नही हुए, जिसके बाद अब परिवार के लोग कांकेर के गोविंदपुर स्थित मिशनरी कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार करने का फैसला लिया है।

NW न्यूज़ से कांकेेर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि गांव में धार्मिक बातों को लेकर अंतिम संस्कार का विरोध किये जाने की शिकायत मिली थी। पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है, पुलिस की समझाईश के बाद भी गांव के लोग मृतिका का अंतिम संस्कार गांव में करने को लेकर तैयार नही हुए है। ऐसे में परिवार के लोग अब गांव से बाहर दूसरे स्थान पर अंतिम संस्कार करने को राजी हो गये है, विवाद की स्तिथि अब नही है,कुछ देर बाद अंतिम संस्कार हो जायेगा।

Back to top button