CG मर्डर – पत्नी के सामने सहायक आरक्षक की हत्या, घर मे घुसकर आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम, घटना के बाद पुलिस…

 

Telegram Group Follow Now

बीजापुर 26 नवंबर 2021- नक्सल प्रभावित बीजापुर जिला में एक सहायक आरक्षक का पत्नी के सामने हत्या कर दिये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक सहायक आरक्षक भैरमगढ़ थाना में पदस्थ था, जो कि पिछले 19 नवंबर से थाने ड्यूटी पर नहीं पहुंचा था। बताया जा रहा है कि भैरमगढ़ थाना में सहायक आरक्षक के पद पर सुदरु हेमला पदस्थ था। सुदरु हेमला भैरमगढ़ के पत्ता गोदाम पारा में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम कुछ लोगों के साथ सुदरु ने शराब का सेवन किया था। इस दौरान जवान का उनके साथ विवाद हुआ था। विवाद को बढ़ता देख सुदरु रात में घर वापस आ गया था। घर पहुंचकर सुदरु ने विवाद की जानकारी अपनी पत्नी को भी दी थी।

गुरुवार की देर रात लगभग 12.30 बजे के बीच तीनों शराबी दोबारा घर पहुंचे। जिन्होंने सुदरु के साथ घर में फिर से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पत्नी के सामने ही चाकू से सहायक आरक्षक के सीने में ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। वहीं इस घटना की सूचना पत्नी ने आसपास के लोगों को दी। पड़ोसियों की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भैरमगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। आपसी विवाद की वजह से हत्या की गई है। जवान की पत्नी हत्यारों को नहीं पहचानती है।

थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास ने बताया कि मृतक सहायक आरक्षक आदतन शराबी था, जिसका शराब पीने के बाद विवाद हुआ था और फिर आरोपियों ने इस हत्या की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए हैं। पुलिस इस प्रकरण में फिलहाल कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

NW News