पॉलिटिकलहेडलाइन

CG Poltics..क्या भाजपा नेताओं व पूर्व मंत्रियों को आवंटित बंगला भी खाली करायेगी सरकार ? प्रभारी कुमारी सैलजा बोली- “रिव्यू करेगी सरकार”

रायपुर 29 मार्च 2023। …तो क्या अब छत्तीसगढ़ में भी भाजपा के पू्र्व मंत्रियों व नेताओं को आवंटित बंगला खाली कराया जायेगा ? सरकार इस मामले में जल्द ही रिव्यू करेगी। केंद्र सरकार ने जिस तरह से राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता जाते ही बंगला खाली करने का फरमान जारी किया, उसके बाद ये पूछा जाने लगा था कि क्या छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार की दरियादिली भाजपा के पूर्व मंत्रियों व नेताओं पर भी बरकरार रहेगी, जिन्हे सत्ता जाने के बाद भी मंत्री बंगला आवंटित है। आज इस मामले में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा का बयान आया है। प्रेस कांफ्रेंस में एक सवाल के जवाब में सैलजा ने कहा कि सरकार इस पर रिव्यू करेगी।

इशारे साफ है कि अब राहुल गांधी के प्रकरण पर प्रदेश में भी तल्खी बढ़ेगी। ईंट का जवाब पत्थर से देने की तैयारी भी कांग्रेस कर रही है। आपको बता दें कि अभी के वक्त में भाजपा के विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को राज्य सरकार ने मंत्रियों का बंगला आवंटित कर रखा है। उसी तरह से प्रेम प्रकाश पांडेय के पास भी बंगला है। हालांकि कहा ये जा रहा है कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के नाते प्रेम प्रकाश पांडेय को बंगला आवंटित है, जबकि बृजमोहन अग्रवाल को भाड़ा देने की शर्त पर आवंटित किया गया है।

दरअसल राहुल गांधी के प्रकरण पर भाजपा और कांग्रेस आमने सामने हैं। आज प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कुमारी सैलजा ने भी केंद्र सरकार के राहुल गांधी के प्रति दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लिया। सैलजा ने कहा कि …

कोर्ट ने दो साल की सजा सुनायी और इधर राहुल गांधी को बंगला खाली करने का आदेश जारी हो गया। सोच सकते हैं कितने नीचे स्तर की सोच ये रखते हैं। ऐसा क्यों किया गया? जब कोर्ट ने मामले में चुनौती देने का अवसर दिया था, तो इतनी हड़बड़ी क्यों ? ऐसा लग रहा मानों राहुल जी का उस बंगले के बगैर काम ही नहीं चलेगा, लगता है केंद्र की सरकार ही उस बंगले के बगैर चलती..

कुमारी सैलजा, प्रभारी, कांग्रेस छत्तीसगढ़

वहीं ये पूछे जाने पर कि छत्तीसगढ़ सरकार ने भी पूर्व मंत्रियों को बंगले आवंटित किये हैं। चार साल से वो सभी मंत्रियों के लिए बने बंगले में रह रहे हैं, तो क्या राज्य सरकार भाजपा के नेताओं और पूर्व मंत्रियों को आवंटित बंगले भी खाली करायेगी। कुमारी सैलजा ने कहा कि …

ये रिव्यू का विषय है। उस वक्त जब बंगले दिये गये थे, तो क्या तात्कालीक वजहें थी, आज क्यों वो वजहें बनी हुई है। इस पर रिव्यू किया जायेगा

कुमारी सैलजा, प्रभारी, छत्तीसगढ़ कांग्रेस

कांग्रेस का रुख अब साफ है । दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा के टकराव का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा। जिस तरफ से तल्खी दोनों तरफ से बनी हुई है, आने वाले दिनों इस पर आने वाले दिनों और भी रिएक्शन जरूर देखने को मिलेंगे।

Back to top button