शिक्षक नियुक्ति का मुद्दा सदन में उठा, 14580 पदों पर भर्ती को लेकर पूछे सवाल मंत्री ने दिया ये जवाब…

रायपुर 13 मार्च 2023। विधानसभा में आज शिक्षकों की भर्तियों का मुद्दा विधायक अजय चंद्राकर ने उठाया। अजय चंद्राकर ने 14580 पदों की नियुक्ति का मुद्दा उठाते हुए सवाल पूछा कि किन किन पदों पर अब तक भर्तियां नहीं हो पायी है। जवाब में शिक्षा मंत्री ने बताया कि सभी पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। शिक्षक पद के लिये 9348 एवं सहायक शिक्षक पद के लिये 14024 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया गया है।

Telegram Group Follow Now

अजय चंद्राकर ने शिक्षक नियुक्ति को लेकर पूछा सवाल

अजय चंद्राकर : (क) दिनांक 31 जनवरी, 2023 की स्थिति में 14580 व्याख्याता/शिक्षक/सहायक शिक्षक पदों की भर्ती में किन-किन संवर्गों के कितने-कितने पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है व किन-किन संवर्गो की भर्ती प्रक्रिया अपूर्ण है? (ख) क्या प्रश्नांक “क” के तहत उक्त भर्ती के संबंध में शिक्षक एवं सहायक शिक्षक संवर्ग का दस्तावेज सत्यापन कार्य 31.1.2023 की स्थिति में पूर्ण हो चुका है ? यदि हां तो कितने का दस्तावेज सत्यापन किया गया और कितने शेष है तथा कब तक पूर्ण कर लिया जायेगा ? (ग) दिनांक 31.1.2023 की स्थिति में प्रदेश में कार्यरत अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में क्या नियम-निर्देश बनाये गये हैं? क्या इनके भविष्य सुरक्षा व सुविधाओं के लिये कोई नीति या कार्ययोजना बनायी जा रही है, यदि हां तो क्या?

शिक्षा मंत्री ने दिया ये जवाब

शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम : (क) जी हां । व्याख्याता के 3177, शिक्षक के 5897 तथा सहायक शिक्षक के 5506 सभी पदों पर भर्ती प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। (ख) जी हां। शिक्षक पद के लिये 9348 एवं सहायक शिक्षक पद के लिये 14024 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया गया है। शेषांश का प्रश्न उपस्थित नहीं होता। (ग) कार्यरत अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति देने के संबंध में कोई निर्देश नहीं दिये गये है। जी नहीं। शेषांश का प्रश्न ही उपस्थित नहीं होता।

NW News