पॉलिटिकलबिग ब्रेकिंग

गिरफ्तारी के 24 घंटे बाद प्रियंका गांधी हुईं रिहा……अमित शाह ने अजय मिश्र से की मुलाक़ात….

उत्तरप्रदेश 06 अक्टूबर 2021 लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों के परिजन से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को गिरफ्तारी के 24 घंटे बाद रिहा कर दिया गया है। उन्हें सोमवार सुबह सीतापुर में हिरासत में लेने के बाद मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हिंसा की घटना को लेकर मचे बवाल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र से मुलाकात की है। बता दें मिश्र के बेटे आशीष पर लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप है और विपक्ष मांग कर रहा है कि अजय मिश्र को मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए।

दूसरी तरफ राहुल गांधी को लखीमपुर जाने की इजाजत मिल गई है। सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में अधिकारियों ने ये फैसला लिया है। यूपी के गृह विभाग के मुताबिक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तीन अन्य लोगों को लखीमपुर खीरी जाने की इजाजत दे दी गई है।

राहुल कुछ ही देर में लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने वाले हैं। वहीं, प्रशासन शाम तक प्रियंका गांधी को रिहा कर सकता है। इसके बाद वह लखीमपुर भी जा सकती हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सीतापुर जाने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से लखनऊ की फ्लाइट में बैठ गए हैं। जबकि सचिन पायलट सड़क के रास्ते सीतापुर के लिए रवाना हुए हुए हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचलने के आरोपी आशीष मिश्र की जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। किसान संगठन लगातार इसकी मांग कर रहे हैं और किसानों के दबाव के चलते सरकार एक्शन ले सकती है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और आशीष के पिता अजय मिश्र को भी दिल्ली तलब किया गया है। वह नॉर्थ ब्लॉक दिल्ली पहुंच भी गए हैं। यहां उनकी गृहमंत्री अमित शाह के साथ करीब आधे घंटे मुलाकात हुई है।

Back to top button