हेडलाइन

सहायक शिक्षकों को आचार संहिता के पहले मिली अच्छी खबर, हड़ताल अवधि के वेतन का आदेश हुआ जारी, जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता बोले- कलेक्टर सर का आभार

रायपुर 6 अक्टूबर 2023। आचार संहिता लगने से पहले सहायक शिक्षकों को अच्छी खबर मिली है। हड़ताल अवधि के वेतन को जारी करने का आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि अधिकांश जिलों में तो हड़ताल अवधि का वेतन पहले ही जारी हो गया था, लेकिन जशपुर, बलरामपुर सहित सरगुजा संभाग के कुछ जिलों के अलावे जांजगीर सहित कुछ जिलों के कुछ ब्लाक में वेतन अटका हुआ था। दरअसल अगस्त महीने में सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के बैनर तले 10 अगस्त से 21 अगस्त तक हड़ताल किया गया था।

हड़ताल अवधि के वेतन के लिए जशपुर जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने काफी प्रयास किया था। कलेक्टर रवि मित्तल से कई बार की मुलाकात के बाद आखिरकार संघर्ष रंग लिया है। सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता के ज्ञापन के आधार पर 3 अक्टूबर को डीपीआई से मार्गदर्शन मांगा गया था, जिसके बाद डीपीआई ने आज हड़ताल अवधि के वेतन को जारी करने का निर्देश दिया।

हालांकि आदेश में कहा गया है कि वेतन भुगतान का आदेश उसी शर्त पर दी जाती है कि राज्य सरकार की तरफ से वेतन कटौती के आदेश प्राप्त होने पर शत प्रतिशत उसका पालन किया जायेगा। इससे पहले आज सहायक शिक्षक फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को आंदोलन का अल्टीमेटम देने पहुंचा था, जिसके बाद कलेक्टर ने आश्वस्त किया, कि उनकी हड़ताल अवधि का वेतन संबंधी आदेश जल्द जारी किया जायेगा।

आदेश जारी होने पर जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि कलेक्टर की तरफ से हमेशा शिक्षकों को सहयोग मिलता रहा है। आज भी उनके सहयोग से ही हड़ताल अवधि के वेतन संबंधी समस्या का निराकरण हो पाया। जशपुर के सहायक शिक्षकों व फेडरेशन की तरफ से हम कलेक्टर सर का आभार जताते हैं।

जिला अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मनोज अम्बष्ट, जिला सचिव उत्तम पैंकरा ,जिला प्रवक्ता मेराज अंसारी, जिला पदाधिकारी बलराज पैंकरा,फरसाबहार लॉक अध्यक्ष नरेश यादव ,कुनकुरी ब्लॉक अध्यक्ष भारत यादव ,मनोरा ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह ,जशपुर ब्लॉक उपाध्यक्ष नेस्तोर एक्का ब्लॉक अध्यक्ष दीपक मार्टिन बड़ा लोकेश षड़ंगी,बसन्त मिंज,सुमन खलखो अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Back to top button