हेडलाइन

बड़ी खबर: सरगुजा में कांग्रेस को लगेगा बड़ा झटका, भाजपा की है महाराज को महाराज से लड़ाने की तैयारी, दिया है ये ऑफर

रायपुर 22 अक्टूबर 2023। सरगुजा में कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी में भाजपा जुटी है। भाजपा सरगुजा को महाराज बनाम महाराज बनाने की तैयारी में है। सामरी विधायक चिंतामणी महाराज के निजी कार्यक्रम में पहुँचे पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल,पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय की मौजूदगी ने सियासी गलियारे में हलचल तेज कर दी है। दरअसल टिकट कटने से नाराज चल रहे कांग्रेस विधायक चिंतामणि महाराज को भाजपा अपने खेमे में मिलाने जा रही है। पार्टी ने इसकी कमान पार्टी के सबसे बड़े कुटनीतिज्ञ व रणनीतिकार बृजमोहन अग्रवाल को सौंपी है। भाजपा ने चिंतामणि महाराज को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। अगर चिंतामणि भाजपा में शामिल होते हैं, तो पार्टी उन्हें सरगुजा से लोकसभा प्रत्याशी बनायेगी। लेकिन चिंतामणि महाराज ने ये शर्त रख दी है कि उन्हें अंबिकापुर से विधानसभा प्रत्याशी पार्टी बनाये।

चर्चा है कि चिंतामणी महाराज कभी भी भाजपा का दामन थाम सकते है। चिंतामणी महराज ने भाजपा नेताओ के साथ हुई चर्चा का खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा की ओर से सरगुजा लोकसभा सीट का प्रत्याशी बनाये जाने का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने अम्बिकापुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की, जिसके बाद भाजपा नेताओं से उनकी चर्चा आगे नही बढ़ सकी।

चिंतामणी महराज  मौजूदा समय मे सामरी से विधायक है, लेकिन कांग्रेस ने इस बार उनकी टिकट काट कर विजय पैंकरा को उम्मीदवार बनाया है। टिकट कटने पर चिंतामणी महराज की नाराजगी की बात सामने आती रही है..जिसके बाद चिंतामणी महाराज के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गयी है।

वही चिंतामणी महराज से हुई चर्चा के सम्बन्ध में पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कुछ भी कहने से मना करते हुए कहा कि चिंतामणी महराज के साथ कांग्रेस ने गलत किया है! हालांकि खबर ये है कि चिंतामणि महाराज को भाजपा मना लेगी। उन्हें अंबिकापुर से भी चुनाव लड़ने पर पार्टी सहमत हो सकती है।

.

Back to top button