हेडलाइन

कांग्रेस की लड़ाई पर भाजपा का तंज: छत्तीसगढ़ के कांग्रेस की लड़ाई पहुंची दिल्ली,भाजपा बोली, अभी तो शुरुआत है, लोकसभा तक कांग्रेस हो जायेगी पूरी साफ

रायपुर 15 दिसंबर। हार के साथ ही कांग्रेस में हाहाकार मच गया है। पार्टी के नेता आपस में ही एक दूसरे की पोल खोलने में लगे हैं। पार्टी में जिस तरह विवाद गहराया हुआ है, उससे एक बात तो साफ है कि आने वाले दिनों में पार्टी की मुश्किलें और भी बढ़ेगी। कही इस्तीफे की खबर है तो कही कांग्रेस में दो फाड़ की हालत नजर आ रहीं है। पिछले दिनों कांग्रेस के संस्कृति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ने पार्टी छोड़ी थी, तो अब महंत रामसुंदर दास ने इस्तीफा दिया है। इधर पार्टी के खिलाफ बगावत करने वाले दो पूर्व विधायक की पार्टी ने छुट्टी कर दी है।

विनय जायसवाल और बृहस्पत सिंह के साथ कई कांग्रेस नेताओं ने देर शाम भूपेश बघेल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शिकायत की। इधर दोनों निष्कासित नेता अब दिल्ली जाने की बात कह रहे हैं। कहा जा रहा है कि दोनों दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे। दोनों ने कहा हैकि कार्रवाई होनी थी तो चंदन यादव पर होनी थी, सिंहदेव पर होनी थी, लेकिन उन्हें ही बलि का बकरा बना दिया गया।

प्रदेश भाजपा के महामंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा पर बिकने और सह प्रभारी चंदन यादव पर रकम लेने के आरोप पर चुटकी ली है। कांग्रेस में चल रही सर फुटौव्वल पर उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों को निष्कासित करने से आरोप के दाग धुल नहीं जाएंगे। कांग्रेस सत्ता में थी तो सिर्फ भ्रष्टाचार ही किया। कांग्रेस ने संगठन में भी भ्रष्टाचार किया। यह भेद कांग्रेस के नेता ही उजागर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के पहले कांग्रेस सरकार के एक-एक मामले की जांच कराने का जनता से वादा करके सत्ता में आए हैं। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ हमें जनादेश मिला है। जल्द ही सारे भ्रष्टाचारियों की असलियत सामने आ जाएगी। संगठन के भीतर जो भ्रष्टाचार हुआ है, उस पर कांग्रेस में थोड़ी भी नैतिकता हो तो प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी के खिलाफ पूर्व विधायकों के आरोप की जांच कराए।

पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस पर तंज कसते में कहा कि महंत राम सुंदर दास जी के साथ न्याय नहीं हुआ है।जबरदस्ती उन्हे चुनाव लड़वाया गया। महंत राम सुंदर दास के चुनाव संचालक ऐसे लोगो को बनाया गया जिनका चेहरा देखना लोग पसंद नहीं करते। कांग्रेस में जूतम पैजार चल रही है, डर और भय का माहोल है। यह तो अभी ट्रेलर है अभी पूरी फिल्म बाकी है। जब कांग्रेस लोकसभा चुनाव में साफ हो जाएगी मोदी जी की सरकार बनेगी उसकी हम कल्पना कर रहे है।

Back to top button