हेडलाइन

CG : नक्सलियों ने अगवा मजदूरों को दो दिन बाद किया रिहा, अगवा मजदूर ने परिजनों से कहा था……!

 

सुकमा 13 फरवरी 2024। नक्सल प्रभावित सुकमा जिला में नक्सलियों द्वारा अगवा मजदूरों को अंततः सुरक्षित रिहा कर दिया गया। गौरतलब है कि रविवार को नक्सलियों ने जल जीवन मिशन का काम कर रहे 4 मजदूरों को अगवा कर जेसीबी मशीन को अपने साथ ले गये थे। इस घटना की जानकारी के बाद जहां मजदूरों के परिजन माओवादियों से सुरक्षित रिहाई की गुहार लगा रहे थे। वहीं पुलिस अधिकारियों इस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर रखे हुए थे।

गौतरलब है कि सुकमा जिला के जगरगुंडा स्थित सिंगावरम गांव में जल जीवन मिशन का काम चल रहा था। रविवार की शाम नक्सलियों ने काम पर लगे 3 मजदूर और ठेकेदार को बंदूक की नोक पर अगवा कर अपने साथ ले गये थे। इसके साथ ही नक्सलियों ने काम में लगे एक जेसीबी को भी अपने साथ ले गये थे। घटना की जानकारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। नक्सलियों के इस अपहरण कांड के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गयी थी।

उधर अगवा मजदूरों के परिजन लगातार सुरक्षित रिहाई की मांग को लेकर नक्सलियों से अपील कर रहे थे। बताया जा रहा है कि 2 दिन तक बंधक बनाकर रखे मजदूर और ठेकेदार को नक्सलियों ने आज मंगलवार की सुबह तीसरे दिन सभी को रिहा कर दिया है। बताया जा रहा है कि रिहाई से पहले अगवा एक मजदूर ने अपने पिता से फोन पर बात कर खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी थी। इसके साथ ही उसने जल्द ही घर लौटने की भी बात कही। बताया जा रहा है कि इस काॅल के बाद से ही अगवा मजदूर और ठेकेदार के परिजनों ने राहत की सांस ली है।

Back to top button