हेडलाइन

CG NEWS : निगम के MIC मेंबर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, हस्त शिल्पियों को आबंटित जमीन पर दबंगई से कर लिया था कब्जा, संयुक्त टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

कोरबा 28 अक्टूबर 2022। कोरबा में शासकीय जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम एक्श्न मोड पर आ गया हैं। यहां शासकीय जमीन पर राजनीतिक रसूख का हवाला देकर कब्जा करने वाले नगर निगम के MIC मेंबर के अवैध निर्माण पर निगम ने बुलडोजर चलवा दिया हैं। राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ हैं। वही अफसरों ने इस कार्रवाई के साथ ही साफ कर दिया हैं कि शासकीय जमीन पर अवैध निर्माण बर्दाश्त नही किया जायेगा। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई अब लगातार जारी रहेगी।

औद्योगिक नगरी कोरबा जिला में अतिक्रमण पर बुलडोजर चलने का ये पूरा मामला नगर निगम के वार्ड क्रमांक 21 का हैं। बताया जा रहा हैं कि यहां के बुधवारी स्थित प.ह.नं.-16 के शासकीय भूमि ख.नं. 235/1 में से 4800 वर्गफीट भूमि हस्त शिल्पियों के लिए भवन निर्माण एवं विपणन व्यवस्था, शो-रूम निर्माण के लिए आबंटित किया गया है। जिसमें हस्तशिल्पियों की सामग्री विक्रय करने के लिए शबरी एम्पोरियम की स्थापना कर संचालित की जा रही है। वही शेष बची जमीन में क्षेत्र के शिल्पियों के लिए सामान्य सुविधा केन्द्र स्थापित करने के लिए आरक्षित रखा गया था।

बताया जा रहा हैं कि शहर के मुख्य मार्ग की इस बेशकीमती शासकीय जमीन पर वार्ड क्रमांक 21 के कांग्रेसी पार्षद और MIC मेंबर सुखसागर निर्मलकर की नियत बिगड़ गयी। पार्षद ने अपना राजनीतिक रसूख दिखाकर पहले तो शासकीय जमीन पर कब्जा जमा लिया गया। इसके बाद 16 जुलाई 2022 से उक्त जमीन पर अवैध निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद अवैध निर्माण का काम करवा रहे ठेकेदार अभिषेक सिंह को नगर निगम से नोटिस जारी किया गया। लेकिन नोटिस जारी होने के बाद भी पार्षद और ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कर दिया गया। लिहाजा इस मामले को गंभीरता से लिया गया।

कलेक्टर संजीव झा के निर्देश के बाद नगर निगम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कांग्रेसी पार्षद के शासकीय जमीन पर किये गये अतिक्रमण पर आज बुलडोजर चलाया गया। शासकीय जमीन पर राजनीतिक रसूख दिखाकर बेजा कब्जा करने वाले पार्षद के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलने की खबर फैलते ही बेजा कब्जाधारियों के बीच हड़कंप मच गया हैं। वही शासकीय जमीन पर बेजा कब्जा करने वालों को लेकर अफसरों ने साफ कर दिया हैं कि आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण और बेजा कब्जा की शिकायत मिलेगी, ऐसे स्थानों पर संयुक्त टीम तत्काल कार्रवाई करने के साथ ही बेजा कब्जाधारियों के साथ सख्ती से निपटेगी।

Back to top button