क्राइम

CG NEWS : SECL माइंस में 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत, एक की हालत गंभीर, पिछले 24 घंटे में हुए 2 हादसे के बाद मजदूरों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

कोरबा 8 अक्टूबर 2022। कोरबा में एसईसीएल के कुसमुंडा परियोजना में पिछले 24 घंटे में हुए दो हादसे में 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गयी, वही एक अन्य मजदूर को चिंताजनक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना में खदान क्षेत्र मे बन रहे साइलों में उचाई पर काम कर रहे दो मजदूर लोहे के पिल्लर से टकरा कर सैकड़ो फीट उपर हवा में सेफ्टी बेल्ट के सहारे लटकते रहे। इस दुर्घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई हैं। वही दूसरी घटना में स्केनिया वाहन के नीचे आकर एक श्रमिक की मौत हो गयी हैं।

एसईसीएल के खदान में हुआ ये हादसा कुसमुंडा थाना क्षेत्र का हैं। बताया जा रहा हैं कि पहली घटना कुसमुंडा परियोजना में साइलों का निर्माण कर रही सामंता कंपनी में घटित हुआ। यहां मालगाड़ी में कोयला लोडिंग के लिए सामंता कंपनी द्वारा साइलो का निर्माण कराया जा रहा है। रोज की तरह शुक्रवार की दोपहर मजदूर उचाई पर काम कर रहे थे। इनमें से कुछ मजदूर लोहे के एक बड़े पिलर को दूसरे लोहे पर जमा रहे थे। इसी दौरान क्रेन में लटका हुआ लोहा अनियंत्रित हो गया। इससे ऊंचाई पर काम कर रहे मजदूर भी अपनी जगह से फिसल गए। इनमें से 2 मजदूर लोहे के बड़े-बड़े पिलर से जा टकराए और सैकड़ों फीट की ऊंचाई पर सेफ्टी बेल्ट से हवा में लटक गए।

ये देख बाकी मजदूरों ने तुरंत घटना की सूचना अपने अधिकारियों को दी। अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और अन्य कर्मचारियों की मदद से हवा में लटके घायल मजदूरों को नीचे उतारा गया। दोनों को कोरबा के निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां एक मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक मजदूर का नाम परदेस कुमार है, जो उमेदी भांठा भिलाई बाजार का रहने वाला था। वहीं दूसरे मजदूर का इलाज जारी है। इधर घटना के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी क्रेन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी हैं।

इस घटना के बाद शनिवार की दोपहर एक बार फिर खदान क्षेत्र में लापरवाही के कारण एक मजदूर की मौत हो गयी। बताया जा रहा हैं कि खदान में ओ.बी.रिमूवल का काम कर रही नारायणी ठेका कंपनी की गाड़ियों का मेंटेनेंस का काम चल रहा था। राचरण नामक मजदूर गाड़ी के नीचे लेटकर मेंटनेंस का काम कर रहा था, इसी बीच चालक ने गाड़ी का आगे बड़ा दिया और नीचे काम कर रहे मजदूर को कूचल दिया। इस घटना मे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित श्रमिकों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया गया। उधर घटना की जानकारी के बाद कुसमुुंडा पुलिस ने नारायणी कंपनी के चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी हैं।

Back to top button