CG-कस्टडी में युवक की मौत के बाद SP का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 3 लाइन हाजिर

जांजगीर-चांपा 11 सितंबर 2026। चांपा में पुलिस अभिरक्षा में लिए गए युवक शिव सहिस उर्फ गुल्लू की मौत के बाद पुलिस विभाग में बड़ा एक्शन हुआ है। मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने चांपा थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इसके साथ ही चांपा थाने की जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को सौंपी गई है।
युवक की मौत के बाद से चांपा में तनाव का माहौल है। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने चांपा थाने का घेराव किया। मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ थाने के बाहर धरने पर बैठ गई। परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुआवजा, नौकरी और बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की मांग की है।
शराब के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस उर्फ गुल्लू को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क ने बताया कि शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामलों सहित यह उसका चौथा प्रकरण था।
पुलिस के अनुसार बुधवार को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और रिमांड की प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद बढ़ा विवाद
शिव सहिस की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिजन और मोहल्लेवासी आक्रोशित हो गए। परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया और चांपा थाने के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मृतक की पत्नी बच्चों के साथ धरने पर बैठ गई।
परिजनों की मांग है कि परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए, एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और बच्चों की पढ़ाई व भरण-पोषण की जिम्मेदारी तय की जाए। इसके अलावा परिवार ने दो पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग भी की है।
एक आरक्षक पहले ही निलंबित
मामले में पुलिस अधीक्षक ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को पहले ही निलंबित कर दिया था। चांपा थाना में दर्ज आबकारी एक्ट के मामले में लापरवाही के आरोप में यह कार्रवाई की गई।
अब थाना प्रभारी अशोक वैष्णव समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किए जाने के बाद पुलिस विभाग की कार्रवाई और बढ़ गई है। चांपा थाने की नई जिम्मेदारी कमलेश शेंडे को दी गई है।
पुलिस और परिवार के आरोप अलग-अलग
मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हिरासत के दौरान मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बाद शिव की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हुई। पुलिस ने मारपीट के आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
युवक की मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। शव को जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है और पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस बीच चांपा में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
और पढ़ें:
- CG-खामभाठा पुल पर बच्चों की परेशानी से CM साय नाराज, तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
- CG- “निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं” विकास कार्यों पर डिप्टी CM अरुण साव सख्त, अधिकारियों को कार्य संस्कृति में बदलाव के निर्देश
- अच्छी खबर : सिम्स के 19 पीजी पाठ्यक्रमों को नवीनीकरण की अनुमति, एमडी-एमएस की 91 सीटों को मिली अस्थायी स्वीकृति
सम्बंधित खबरें

कांस्टेबल ने दी जान : बालाजी अस्पताल में आरक्षक ने पहली मंजिल से लगाई...
12 hours पहले
CGPSC घोटाला ब्रेकिंग : एडिशनल कलेक्टर गिरफ्तार, 6 दिन की ED रिमांड, आरोपी के...
12 hours पहले
CG-खामभाठा पुल पर बच्चों की परेशानी से CM साय नाराज, तय समयसीमा में काम...
14 hours पहले




















