हेडलाइन

CG: लड़की का अपहरण कर उतार दिया मौत के घाट : फिरौती का काॅल आने के बाद भी लड़की को बचाने में नाकाम रही पुलिस,वारदात के 2 महीने बाद पुलिस ने बरामद किया नरकंकाल

कोरबा 29 नवंबर 2023। कोरबा में युवती का अपहरण कर फिरौती नही मिलने पर हत्या किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के करीब 2 महीने बाद पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही में लड़की का नरकंकाल बरामद किया है। आपको बता दे कि अपहरण के बाद आरोपियों ने दो बार लड़की के घर वालों से 15 लाख रूपये की फिरौती की मांग की थी। लेकिन उस वक्त कोरबा की हाईटेक पुलिस इस मामले को सुलझाने में गंभीरता नही दिखाई, वरना लड़की की जान बचायी जा सकती थी। कोरबा के नवपदस्थ एसपी जितेंद्र शुक्ला के निर्दश पर पुलिस ने दो महीने पुराने इस मामले को सुलझा पाने में बड़ी सफलता हासिल की है।

लड़की के अपहरण और हत्या का ये पूरा मामला बांगो थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुुताबिक बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम लेपरा में रहने वाली संतोषी विश्वकर्मा सिलाई-कढ़ाई का काम करती थी। 28 सितंबर को संतोषी सिलाई सीखने के लिए कोरबा गयी हुई थी। लेकिन देर शाम तक वह घर नही पहुंची। दूसरे दिन संतोषी के परिजनों को मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा संतोषी के अपहरण की जानकारी दी गयी। बदमाशों ने परिवार वालों से संतोषी की रिहाई के लिए 15 लाख रूपये की मांग की थी। पीड़ित परिवार की माने तो 29 सितंबर और 2 अक्टूबर को परिवार वालों के पास लगातार फिरौती के पैसों के लिए काॅल किया गया। साथ ही बदमाशों ने पैसा नही देने पर लड़की का गला काटने की धमकी भी दी गयी।

इस घटना से डरे सहमे परिवार वालों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी। लेकिन ये अपहरणकांड ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इस मामले में जरा भी गंभीरता नही दिखायी। तत्कालीन एसपी यू.उदय किरण ने इस मामले में जांच का भी निर्देश दिया। लेकिन ततकालीन सायबर सेल प्रभारी सहित पुलिस टीम लड़की के अपहरण और फिरौती कांड को सुलझा पाने में नाकाम साबित हुए। एसपी यू.उदय किरण के तबादले के बाद नव पदस्थ एसपी जितेंद्र शुक्ला के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होने लापता लड़की का सुराग जुटाने का टाॅस्क पुलिस टीम को दिया था। पुलिस टीम ने जब इस वारदात से जुड़े कड़ियों को पिरोना शुरू किया तो इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझती नजर आई।

पुलिस को आरोपियों का सुराग मिलने के बाद पाली स्थित ग्राम सलिहाभाठा में दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी। सख्ती से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृत लड़की का नर कंकाल पाली थाना क्षेत्र के केराझरिया स्थित कोसाबाड़ी से बरामद किया है। जहां आरोपियों ने पैसे नही मिलने के बाद लड़की की हत्या कर लाश को ठिकाने लगा दिया था। कोरबा एसपी जितेंद्र शुक्ला के दिशा निर्देश में पुलिस टीम ने दो महीने पहले हुए अपहरण कांड की गुत्थी सुलझाकर इस वारदात में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

Back to top button