पॉलिटिकल

कांग्रेस का मिशन यूपी- यूपी चुनाव में कांग्रेस का महिलाओं पर दांव, महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण के साथ यूपी चुनाव का किया शंखनाद……

 

लखनऊ 19 अक्टूबर 2021- कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में महिलाओं पर दांव खेलते हुए चुनावी शंखनाद कर दिया है। कांग्रेस यूपी के विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देगी। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह ऐलान किया है। प्रियंका ने कहा कि यह फैसला तमाम पीड़ित महिलाओं के साथ न्याय करेगा। यह फैसला उन सभी महिलाओं के लिए है, जो चाहती हैं कि उत्तर प्रदेश में बदलाव आए….. प्रदेश आगे बढ़े। प्रियंका ने नया नारा भी दिया है…..लड़की हूं लड़ सकती हूं।

लखनऊ में आज कांग्रेस ने भले ही महिलाओं को 40 फीसदी टिकट देने का ऐलान किया हो, लेकिन इसमें भी नेताओं के परिवार की महिलाओं का ही दबदबा रहने की संभावना जताई जा रही है। प्रियंका गांधी ने खुद ही अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान परिवारवाद का समर्थन किया। जब उनसे सवाल पूछा गया कि कांग्रेस ने 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है, लेकिन सभी असरदार नेता अपने परिवार की महिलाओं को ही टिकट दिलाने के लिए लॉबिंग करेंगे। इस पर प्रियंका ने कहा कि इसमें कोई हर्ज नहीं है।

इस फैसले से पीड़ित महिलाओं को मिलेगा न्याय….

प्रियंका गांधी ने पत्रकारों से चर्चा में कहां कि जब मै 2019 के चुनाव में उत्तर प्रदेश आई थी, तब प्रयागराज में यूनिवर्सिटी की कुछ लड़कियां मुझसे मिलीं थी । उन्होंने बताया कि यहां लड़कों और लड़कियों के लिए अलग नियम हैं। इसके बाद ही उन्होंने यह फैसला किया। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह फैसला उन्नाव की उस लड़की के लिए है, जिसे जलाकर मारा गया। यह फैसला हाथरस की उस बेटी के लिए है जिसे न्याय नहीं मिला। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी सोमवार रात दिल्ली से लखनऊ पहुंची थीं। जिसके बाद आज प्रियंका गांधी ने यूपी के विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण का ऐलान करते हुए यूपी चुनाव का शंखनाद कर दिया है।

Back to top button