हेडलाइन

दो शहीदों का शव नहीं आ सका अपने गांव, नक्सलियों की अमानवीयता की इंतहा, अंतिम संस्कार कराना पड़ा घर से दूर…

दंतेवाड़ा 27 अप्रैल 2023। दंतेवाड़ा में कायरना करतूत अंजाम देने वाले नक्सलियों का अब अवमानवीय चेहरा भी सामने आया है। नक्सलियों ने शहीद जवानों को लेकर परिजनों को फरमान सुनाया है। फरमान ये है कि, अगर कटेकल्याण ब्लॉक के मारजुम और बड़े गादम के 2 शहीदों के शव गांव लाया और अंतिम संस्कार किया, तो अच्छा नहीं होगा। नक्सलियों की दहशत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है। डरे सहमे परिजन अपने बहादूर बच्चे का शव लेने तक नहीं गये। कल दंतेवाड़ा के अरनपुर में हुए IED ब्लास्ट में 10 जवान शहीद हुए थे। इस नक्सली हमले में शहीद 10 DRG के जवानों में दंतेवाड़ा जिले से 8 जवान ने वीरगति को पायी है, जबकि एक जवान सुकमा और एक बीजापुर है।

दंतेवाड़ा के शहीद 8 जवानों में 2 जवान तो एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों साथ-साथ भर्ती हुए और दोनों की शहादत भी एक ही दिन हो गयी। राजू राम करटम और जगदीश कोवासी दोनों कुआंकोंडा के बड़ेगुडरा के रहने वाले हैं। ये दोनों जवान 10 मार्च 2022 को भर्ती हुए थे। नक्सलियों ने मारजूम के भीमापारा के रहने वाले नव आरक्षक दुलगो मंडावी और बड़े गादम के रहने वाले नव आरक्षक जोगा कवासी के परिजनों को ये हिदायत दी है।

2 जवानों के शव उनके गृह ग्राम ना लाने का फरमान माओवादियों की ओर से जारी होने के बाद परिजनों ने इसके बाद भी दिल पर पत्थर रखकर सहृदयता दिखाते हुए गांव की पूरी आबादी को सुरक्षित रखने के लिहाज से यह तय किया है कि दंतेवाड़ा के पुलिस लाइन स्थित शांतिकुंज पुनर्वास परिसर में ही दोनों शहीद जवानों का अंतिम संस्कार कर दिया जाए ताकि गांव वालों पर कोई विपत्ति ना आए।

आपको बता दें कि कटेकल्याण मारजूम भीमापारा के दुलगो मंडावी और कटेकल्याण के बड़े गादम के जोगा कवासी 6 मार्च 2023 को डीआरजी में भर्ती हुए थे। दोनों एक महीना 23 दिन ही नौकरी कर पाये की उनकी शहादत हो गयी ।

ये जवान हुए हैं शहीद

  नक्सली घटना में शहीद जवानों में 1.प्रधान आरक्षक क्रमांक 74 जोगा सोढी, 2. प्रधान आरक्षक क्रमॉक 965 मुन्ना राम कड़ती 3. प्रधान आरक्षक क्रमॉक 901 संतोष तामो, 4. नव आरक्षक क्रमॉक 542 दुल्गो मण्डावी, 5. नव आरक्षक क्रमांक 289 लखमू मरकाम, 6. नव आरक्षक कमॉक 580 जोगा कवासी, 7. नव आरक्षक क्रमांक 888 हरिराम मण्डावी, 8. गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, 9. गोपनीय सैनिक जयराम पोड़ियाम, 10. गोपनीय सैनिक जगदीश कवासी  11. धनीराम यादव (निजी वाहन चालक),

Back to top button