पॉलिटिकल

दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ने का किया ऐलान…बोले- मल्लिकार्जुन खड़गे का बनूंगा प्रस्तावक…

नई दिल्ली 30 सितंबर 2022: मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री के बाद दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव न लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मुझे पता चला है कि खड़गे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है और मैं उनका काफी आदर भी करता हूं। इसलिए मैंने तय किया है कि मैं उनका समर्थन करुंगा। मैं उनका प्रस्तावक बनूंगा।

कांग्रेस के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही राजनीति के बीच आज मल्लिकार्जुन खड़गे भी रेस में कूद पड़े हैं। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ राज्यसभा नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि वे 12 बजे के करीब नामांकन का पर्चा दाखिल करेंगे। बता दें कि इससे पहले दिग्विजय सिंह भी खड़गे से मिल नामांकन की बात कह चुके हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए यह मुकाबला अब रोचक होता जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि अब मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। दिग्विजय और खड़गे से पहले शशि थरूर भी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर बना सस्पेंस नामांकन के आखिरी दिन अब खत्म होता दिख रहा है। दो दिनों से अध्यक्ष पद की रेस में दिख रहे दिग्विजय सिंह अब इससे हट गए हैं। शुक्रवार को नामांकन के आखिरी दिन उन्होंने इसका ऐलान किया है। दिग्विजय सिंह ने गांधी परिवार से वफादारी का नाम लेते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में बैठने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की और कहा कि यदि आप फॉर्म भर रहे हैं तो मैं आपके साथ हूं। मैंने साफ कहा कि आपके खिलाफ लड़ने की मैं सोच भी नहीं सकता हूं। इसलिए मैंने अब तय किया है कि उनका प्रस्ताव बनूंगा।

मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि  मैं तीन बातों पर समझौता नहीं करता। पहला गरीब, दलित और आदिवासी के हित। इसके अलावा सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष। तीसरा विषय यह है कि मैं गांधी-नेहरू परिवार के प्रति वफादार हूं।

Back to top button