हेडलाइन

रिटायर्ड IAS की पत्नी की हत्या कर लूट की वारदात को दिया अंजाम, 45 मिनट में मर्डर और लूट कर फरार हुए हत्यारे

लखनऊ 26 मई 2024। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बदमाशों ने पूर्व आईएएस की पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि महज 45 मिनट में आरोपियों ने हत्या करने के बाद घर में रखे बेशकीमती ज्वेलरी और कैश की लूट कर फरार हो गये। इस हत्याकांड और लूट की जानकारी के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त रिटायर्ड आईएएस गोल्फ खेलने घर से मैदान पर गये हुए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पूर्व आईएएस की पत्नी की हत्या का ये मामला लखनऊ के इंदिरानगर के सेक्टर-20 की है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर सेवानिवृत्त आईएएस देवेंद्र दुबे की पत्नी मोहिनी दुबे की हत्या करने के बाद लूटपाट कर फरार हो गये। बताया जा रहा है कि रोज की तरह शनिवार को भी रिटायर्ड आईएएस देवेंद्र सुबह करीब सात बजे घर से निकले थे। इसके 12 मिनट बाद दूध देने इमरान घर पर पहुंचा था। दूध वाले के मुताबिक मोहिनी ने उससे दूध लिया और घर के अंदर चली गईं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दूध वाले के जाने के बाद ही करीब 7:15 से 7:20 बजे के बीच बदमाश देवेंद्र के घर पहुंचे और करीब आठ बजे बदमाश घर से बाहर निकल गए।

लगभग 45 मिनट तक घर में रहने के दौरान बदमाशों ने मोहिनी की हत्या की और जेवरात लूटे। पुलिस के मुताबिक किचन में दूध रखा हुआ था, गैस जल रही थी। अंदेशा है कि जब मोहिनी दूध गर्म करने किचन में पहुंची और गैस जलाई थी, उसी उक्त बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। इससे गैस जलती रह गई। देवेंद्र ने जेवर गायब होने की बात कही, लेकिन जेवरात कितने के हैं, ये नहीं बता सके हैं। वह मोहिनी की मौत से सदमे में हैं। इसलिए कुछ ज्यादा बता नहीं सके हैं। मोहिनी ने जेवरात पहने थे उनमें से सिर्फ हीरे की अंगूठी बदमाश ले गए हैं। पांच लाख रुपये की ये अंगूठी कुछ महीने पहले देवेंद्र ने मोहिनी को गिफ्ट की थी।

परिवार वालों ने बताया कि जब भी देवेंद्र घर से बाहर जाते थे, तब मोहिनी तुरंत घर के सभी दरवाजों को बंद कर लेती थीं। अगर कोई आता भी था तो तस्दीक करने के बाद ही वह दरवाजा खोलती थीं। साफ है कि कोई परिचित आया। तभी मोहिनी ने दरवाजा खोला था।देवेंद्र के घर पर आठ कर्मचारी काम करने आते थे। इसमें ड्राइवर अखिलेश व उसका भाई रवि के अलावा इंद्रपाल, सुनीता, सुनीता कुमारी, संजू, संजू कुमार, एक सफाईकर्मी भी हैं। नौकरानी शनिवार को छुट्टी पर थी। अखिलेश के न आने की वजह से रवि कार से देवेंद्र को लेकर गोल्फ के लिए ले गया था।

पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की करीब दो घंटे तक छानबीन की। फिंगर प्रिंट भी लिए। डॉग स्क्वॉड घर से निकलने के बाद आसपास घूमता रहा। हालांकि इससे कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। पूर्व आईएएस देवेंद्र की पहली पत्नी मीना की 2004 में मौत हो गई थी। इसके बाद 2007 में उन्होंने कैंट सदर निवासी मोहिनी से दूसरी शादी की। मोहिनी महिला सशक्तीकरण संबंधी एनजीओ चलाती थीं। देवेंद्र 2009 में सेवानिवृत्त हुए थे। देवेंद्र के पहली पत्नी से दो बेटे हैं। जिसमें बड़ा बेटा प्रांजल है, जो परिवार के साथ नोएडा में रहते हैं। आपको बता दे कि देवेंद्र प्रयागराज के मंडलायुक्त के साथ रायबरेली व कई जिलों के डीएम रह चुके हैं। फिलहाल हत्या और लूट की इस वारदात पर पुलिस हर एक एंगल में जांच कर रही है।

Back to top button