पॉलिटिकल

शराब तस्करी में भाजपा नेता की गिरफ्तारी मामला : BJP बोली- 13 लीटर शराब भी कोई तस्करी करता है क्या ? फंसाने का लगाया आरोप…कांग्रेस बोली- ये तो बीजेपी की है फितरत, पहले भी कई भाजपा नेता शराब तस्करी में पकड़ाये..

रायपुर 22 सितंबर 2022। शराब तस्करी मामले में गिरफ्तार भाजपा नेता पर राजनीति गरमा गयी है। आज भाजपा ने इस मामले में प्रेस कांफ्रेंस पर पुलिस पर दुर्भावनापूर्वक कार्रवाई करने का आरोप लगाया, तो वहीं कांग्रेस ने भाजपा शराब तस्कर नेता को बचाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि भाजपा ने कहा है कि जयराम दुबे शादी के कार्यक्रम से लौट रहे थे, जबकि अभी पितृपक्ष चल रहा था, ऐसे में सनातन धर्म में कोई भी मांगलिक कार्य नहीं होता, तो फिर शादी से जयराम दुबे कैसे लौट रहे थे। वहीं मीडिया विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता शराब तस्करी में फंसे जयराम दुबे को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर भाजपा के आरटीआई प्रकोष्ठ के एक नेता जयराम दुबे को पुलिस ने 13 लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया था। भाजपा नेता केदार गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस कर जयराम दुबे की गिरफ्तारी को अवैध बताया है। भाजपा ने कहा कि जयराम दुबे के सूचना के अधिकार की जानकारी से कई खुलासे हुए हैं। गोबर घोटाला , कोविड में दवा खरीदी घोटाला का खुलासा जयराम दुबे ने किया था।

केदार गुप्ता ने जयराम दुबे को फंसाने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है। भाजपा ने कहा कि 13 लीटर शराब के साथ जय राम दुबे को गिरफ्तार किया है। इसके पहले भी जय राम दुबे पर हमला हुआ था। भाजपा का आरोप है कि जयराम दुबे को फंसाया गया, वो शराब नही पीते थे भाजपा ने सवाल उठाया कि 13 लीटर नागपुर से ला कर कितना कमा लेंगे ? सरकार भयभीत होकर जय राम दुबे पर झूठा मुकदमा दर्ज करने की कोशिश कर रही है

भाजपा के आरोप पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। मीडिया विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला, आरपी सिंह, अजय साहू, अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन महेंद्र छाबड़ा ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चिचोला बॉर्डर से गुजरी एक संदिग्ध कार में लिखा था जय सियाराम, जांच में पता चला कार में भाजपा कार्यकर्ता जयराम दुबे थे।कार में शराब की बोतलें मिली, जितनी मात्रा में शराब मिली है, उससे साफ है कि भाजपा कार्यकर्ता शराब तस्करी के मामले में संलिप्त था, जिसे पुलिस ने पकड़ा है। भाजपा ने आरोप लगाया कि एक शराब तस्कर को बचाने भाजपा के नेता जुट गए। शराब तस्कर को बचाने भाजपा के नेता प्रेसवार्ता कर रहे हैं। शराब तस्कर को आरटीआई एक्सविस्ट बताया जा रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जयराम दुबे को भाजपा के बड़े नेता संरक्षण दे रहे हैं। पूर्व में भी कई भाजपा के कार्यकर्ता शराब तस्करी पकड़े गए।

कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि मामला सामने आने के बाद जयराम को भाजपा से निलंबित करना था। आरपी सिंह ने सवाल उठाया कि जयराम दुबे के साथ डॉ. रमन सिंह, नारायण चंदेल की मिलीभगत है क्या ? नहीं है तो इस मामले में भाजपा कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है ? आरपी सिंह ने कहा कि भाजपा नेता प्रेस कांफ्रेंस में कह रहे हैं कि जयराम दुबे प्रेस कांफ्रेंस से लौट रहे थे। अभी पितृ पक्ष चल रहा है, ऐसे में कोई भी मांगलिक कार्य नहीं हो रहा है, तो फिर जयराम दुबे कौन से शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे।

Back to top button