बिग ब्रेकिंग

भारी बारिश के चलते गिरी दीवार, 4 सगे भाई-बहनों की दीवार के निचे दब कर मौत…

इटावा 22 सितंबर 2022 : प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश कहर बनकर बरस रही है। ताजा मामला इटावा जिले का थाना सिविल लाइन क्षेत्र के चंद्रपुरा गांव है। जहां बारिश के चलते दीवार गिरने से चार सगे मासूम भाई-बहनों की मौत हो गई।इसके अलावा एक भाई और दादी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इटावा जिले के चंद्रपुरा गांव में बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से 4 सगे भाई-बहनों की मौत हो गई है। वहीं एक भाई और दादी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार सुबह करीब 3 बजे की है। जानकारी के मुताबिक रात में सभी लोग घर के भीतर सो रहे थे। इस दौरान अचानक घर की दीवार गिर गई, जिसके बाद घर में चीख पुकार मच गई। इस दौरान आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद मौक पर पहुंची पुलिस मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेज दिया। जहां डॉक्टरों ने चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

घटना में मारे गए चारों मासूम भाई-बहनों की पहचान सीकू (10), अभि (8), सोनू (7) और आरती (5) के रूप में की गई है। इसके अलावा मृतक बच्चों का भाई ऋषभ (4) और उनकी दादी शारदा देवी (75) की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे अनाथ हैं, उनके माता-पिता की 2 साल पहले मृत्यु हो चुकी है। ऐसे में इन बच्चों के देखरेख उनकी दादी ही कर रही थी।

इस संबंध में जिला अधिकारी अवनीश राय ने बताया कि, बारिश के चलते इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव चंद्रपुरा में दीवार के मलबे में दबकर 4 सगे भाई बहनों की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसके अलावा एसएसपी जयप्रकाश सिंह और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल जाना।

Back to top button