हेडलाइन

आज हड़ताल है ! स्कूल-दफ्तर में आज लटके रहेंगे ताले, मंत्रालय व संचालनालय भी होंगे सूने, पहली बार 145 संगठनों की सबसे बड़ी हड़ताल

रायपुर 7 जुलाई 2023। छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई ठप रहेगी, कार्यालयों में ताले लटके रहेंगे, मंत्रालय से लेकर संचालनालय तक सूने पड़े रहेंगे। कर्मचारी संगठन अपनी 5 सूत्री मांगों को लेकर आज हड़ताल पर रहेंगे। पहली बार छत्तीसगढ़ में एक साथ 145 संगठनों ने मिलकर हड़ताल की घोषणा की है। छत्तीसगढ़ के इस हड़ताल की चर्चा काफी है, क्योंकि कर्मचारियों ने हड़ताल के लिए उस दिन का चयन किया है, जब प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। एक पहलू गौर करने वाली ये भी है कि प्रदेश में कल ही राज्य सरकार ने 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता में बढ़ोत्तरी की है, वहीं पुरानी पेंशन योजना और रिटायरमेंट को लेकर भी बड़े फैसले लिये हैं, बावजूद कर्मचारियों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है।

दरअसल छत्तीसगढ़ के कर्मचारी लंबे समय से केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता की मांग कर रहे हैं। गुरुवार को राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता 5 प्रतिशत बढ़ाया है, बावजूद छत्तीसगढ़ के कर्मचारी केंद्र सरकार की तुलना में अभी भी 4 प्रतिशत पीछे हैं। अब कर्मचारियों का आरोप है कि राज्य सरकार ना तो एरियर्स की राशि दे रही है और ना ही केंद्र के बराबर महंगाई भत्ता दे रही है। हालांकि छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों के डीए में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, तो यही उम्मीद थी कि कर्मचारी संगठन अपना हड़ताल स्थगित कर देंगे, लेकिन कर्मचारी संगठन नहीं माने। राज्य सरकार को प्रति वर्ष एक हजार करोड़ रूपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। इधर विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भर में संविदा और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा कर दिया है। जिसने मुश्किलें बढ़ा दी है।

प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा का दावा है कि आंदोलन में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी मोर्चा में रजिस्टर्ड 145 संगठनों के करीब 6 लाख से ऊपर कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे और सभी शासकीय कार्यालय बंद रहेंगे। छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अंतर्गत 3 लाख 50 हजार कर्मचारी आते हैं, तो वहीं स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले बड़े संगठन में मनीष मिश्रा, संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे और केदार जैन संगठन प्रमुख हैं। जिसमें 2 लाख से ऊपर कर्मचारी हैं। इसके अलावा मंत्रालय कर्मचारी संघ में 2400, संचालनालय कर्मचारी संघ में5500, जिला स्तर के कार्यालय में 15 हजार कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल होंगे। इस हड़ताल में अनिल शुक्ला के नेतृत्व वाला कर्मचारी अधिकारी महासंघ भी शामिल होगा। साथ ही न्यायिक कर्मचारी संघ का समर्थन मिलने पर न्यायालय के कामकाज भी प्रभावित होने के आसार हैं।

ये है कर्मचारी संगठनों की मांग

1. छठवें वेतनमान के आधार पर मिलने वाले गृह भत्ते को सातवें वेतनमान के आधार पर केंद्रीय दर पर दिया जाए।

2. राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को केंद्र के दिए गए तिथि के अनुसार महंगाई भत्ता दिया जाए।

3. छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर गठित पींगुआ समिति की रिपोर्ट और वेतन विसंगति दूर करने के लिए गठित अन्य समितियों की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए।

4. कांग्रेस के जन घोषणा पत्र के अनुसार कर्मचारियों का वेतन वृद्धि 8,16,24 और 30 साल की सेवा में चार स्तरीय किया जाए। साथ ही अनियमित, संविदा, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाए।

5. ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने के लिए पहली नियुक्ति तिथि से कुल सेवा को जोड़ा जाए।

Back to top button