हेडलाइन

VIDEO : कर्मचारियों के हड़ताल को BJP ने दिया समर्थन, मुख्यमंत्री के सख्ती के संकेत के बावजूद कर्मचारियों की हड़ताल शुरू……

रायपुर 22 अगस्त 2022। छत्तीसगढ़ में आज से कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गया है। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के बैनर तले DA-HRA की मांग को लेकर चल रहे इस आंदोलन को लेकर अब राजनीतिक बयान भी आने शुरू हो गये हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्मचारियों के आंदोलन को लेकर कार्रवाई के साफ संकेत दिये हैं, तो वहीं भाजपा कर्मचारियों के आंदोलन को लेकर समर्थन में है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वो कर्मचारियों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कर्मचारियों आंदोलन पर हैं, सरकार उनसे किया हुआ वादा पूरा नहीं कर रही है।

आपको बता दें कि महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता को लेकर प्रदेश के लाखों कर्मचारी आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये हैं। सरकार ने कुछ दिन पहले ही 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया था, लेकिन कर्मचारियों की मांग देय तिथि से केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने की है। इसी वजह से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की इस हड़ताल में 90 संगठन के पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्मचारियों को लेकर तीखा बयान दिया था। मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारियों के रूख पर नाराजगी जताते हुए कहा था कि सौदेबाजी नहीं चलने वाली है। कर्मचारियों की हडताल को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ”ऐसे सौदेबाजी थोड़ी चलेगी”।

छत्तीसगढ़ के करीब चार लाख से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी आज से बेमुद्दत हड़ताल पर जा रहे हैं। इससे स्कूलों की पढ़ाई ठप होने के साथ सरकारी दफ्तरों में कामकाज पर भी असर पड़ेगा। इस हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़े तेवर दिखाए हैं।

उन्होंने कहा है कि हमने कर्मचारियों के हित में हमेशा फैसला लिया है। चाहे पांच दिन वर्किंग का मामला हो या फिर उनकी मांग पर तुरंत 6 फीसदी डीए बढ़ाने का। हमारी तमाम योजनाओं का लाभ कर्मचारियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा है कि इस फैसले का आधे संगठनों ने स्वागत किया है। लेकिन इसके बाद भी कर्मचारी संगठन ये कह रहे हैं कि कम से कम एक फीसदी डीए और बढ़ा दें, नहीं तो हड़ताल करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ये सौदेबाजी थोड़ी चलेगी, इसके बाद भी जो हड़ताल करना चाहते हैं, उनकी इच्छा। सरकार अपना काम करेगी।

Back to top button