हेडलाइन

VIDEO : कर्मचारियों की हड़ताल आज होगी खत्म….5 दिवसीय आंदोलन के बाद अब अगला कदम क्या ?…उधर शिक्षक संगठनों का सवाल, हड़ताल से शून्य पर लौटने का क्या मतलब

रायपुर 29 जुलाई 2022। DA-HRA के आंदोलन की अगुवाई कर रहे कर्मचारी-आधिकारी फेडरेशन का आंदोलन आज खत्म हो जायेगा। शाम 5 बजे रैली के बाद 5 दिवसीय आंदोलन का समापन होगा। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आंदोलन का ये तीसरा चरण है, जिसके बाद जल्द ही चौथे चरण के आंदोलन का आगाज होगा। दरअसल फेडरेश ने अपने आंदोलन की रणनीति बनाते हुए पहले ही ये साफ कर दिया था कि वो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से पहले चरणबद्ध तरीके से अपनी मांगों को मनवाने की कोशिश करेगा।

अपनी रणनीति के मुताबिक कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने पहले चरण में प्रदेश भर में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, दूसरे चरण में 29 जून को एक दिन का अवकाश लेकर विरोध जताया गया था। मांगे नहीं माने जाने पर 25 जुलाई से 5 दिवसीय अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया गया था। इस 5 दिवसीय आंदोलन पर भी बात नहीं बनते देख आज आंदोलन तो खत्म हो जायेगा। लेकिन कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने दावा किया है कि जल्द ही अनिश्चतकालीन आंदोलन की भी घोषणा कर दी जायेगी।

इधर, कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के हड़ताल को लेकर कुछ संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। शिक्षक संगठनों का सवाल है कि शून्य पर हड़ताल से लौटने का क्या मतलब…क्यों ना अनिश्चितकालीन अंदोलन किया जाये। दरअसल शिक्षकों का एक बड़ा वर्ग ये कोशिश में है कि निश्चितकालीन आंदोलन अनिश्चितकालीन आंदोलन बन जाये, लेकिन फेडरेशन अपनी रणनीति पर अड़ा है, लिहाजा कई जगहों पर फेडरेशन के खिलाफ विरोध के स्वर भी उठ रहे हैं। फेडरेशन का कहना है कि उसने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया था और आंदोलन की उस रणनीति पर आज भी कायम है। सरकार ने मांगें नहीं मानी तो अनिश्चतकालीन हड़ताल के लिए भी वो तैयार है। जल्द ही उसकी घोषणा भी कर दी जायेगी।

Back to top button