टॉप स्टोरीज़हेडलाइन

सुबह गए थे बिटिया की विदाई कराने, शाम को ले आए अर्थी, बिलख पड़े पूरा परिवार….

उन्नाव 31 दिसंबर 2022: उन्नाव जनपद के सिविल लाइन मोहल्ला की रहने वाली विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगा है। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र रमदेईखेड़ा मोहल्ले का है। उदय भान अवस्थी ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी साल 2017 में सिविल लाइन मोहल्ला निवासी सौरभ के साथ की थी। प्रियंका के पिता का आरोप है कि, बेटी को लेने के लिए अपने लड़के साथ उसके घर गए थे। लेकिन ससुराल वालों ने उसे ले जाने नहीं दिया। दोपहर बाद जब हम लोग चले आए तो बेटी के साथ मारपीट की और उसे जहर दे दिया।

प्रियंका के पिता ने बताया कि, बेटी की तबीयत जब खराब हुई तो ससुराल वाले पहले फरार हो गए इसके बाद फोन कर बताया कि, प्रियंका ने जहर खा लिया है। पिता ने कहा, ‘जानकारी मिलने के बाद जैसे ही हम पहुंचे तो देखा की वो अकेली घर में तड़प रही है। बेहोशी की हालत में उसे कब्बाखेड़ा स्थित एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’ प्रियंका की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। साथ ही डॉक्टरों का भी बयान लिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की जानकारी पर सीओ सिटी आशुतोष कुमार मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी ने मामले पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button