हेडलाइन

25 बच्चे सहित 91 की मौत : मोरबी में पुल टूटा, 25 बच्चे सहित 91 से ज्यादा की मौत, जिंदगी बचाने के लिए गरुड़ कमांडो रवाना…170 लोग रेस्क्यू….कई अब भी लापता….

गुजरात 30 अक्टूबर 2022 : गुजरात के मोरबी में रविवार शाम करीब 6.30 बजे केबल सस्पेंशन ब्रिज टूटने से करीब 400 लोग मच्छु नदी में गिर गए। हादसे में 91 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। इनके शव मोरबी के सिविल हॉस्पिटल में पहुंचा दिए गए हैं। मरने वालों में 25 से ज्यादा बच्चे हैं। जबकि, 100 से ज्यादा लोग घायल हैं। रेस्क्यू के लिए वायुसेना के गरुड़ कमांडो रवाना हो गए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी इस समय केवड़िया में हैं, बताया जा रहा है कि वे भी मोरबी जाएंगे। हादसे के कारणों की जांच के लिए 5 सदस्यीय SIT बनाई गई है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय पुल पर बड़ी तादाद में भीड़ मौजूद थी। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोग भी पुलिस और प्रशासन की मदद कर रहे हैं। NDRF की 2 टीम मोरबी के लिए रवाना हो गई हैं। हादसे की भयावहता को देखते हुए भारतीय वायु सेना (IAF) के गरुड़ कमांडो की टीम को रवाना कर दिया गया है। कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है।

केबल ब्रिज काफी पुराना बताया जा रहा है। राजा-महाराजाओं के समय का यह पुल ऋषिकेश के राम-झूला और लक्ष्मण झूला पुल कि तरह झूलता हुआ सा नजर आता था, इसलिए इसे झूलता पुल भी कहते थे। इसे गुजराती नव वर्ष पर महज 5 दिन पहले ही रिनोवेशन के बाद चालू किया गया था। रिनोवेशन के बाद भी इतना बड़ा हादसा होने पर अब कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिटनेस सर्टिफिकेट लिए बिना ही ब्रिज को शुरू कर दिया गया था। ब्रिज पर घूमने आए लोगों को 17 रुपए का टिकट खरीदना होता था। वहीं, बच्चों के लिए 12 रुपए का टिकट अनिवार्य था।

Back to top button