CG : न्यायधानी बिलासपुर में बंदूक की नोक पर दिनदहाड़े लूट, घर में घुसकर बदमाशों ने जेवरात लुटकर भागे, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

बिलासपुर 9 अगस्त 2024। न्यायधानी बिलासपुर में दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोपहर के वक्त बाइक सवार 3 बदमाश दिनदहाड़े घर में घुस गये और महिला पर पिस्टल अड़ाकर मंगलसूत्र और अंगूठी की लूट कर फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गयी। क्षेत्र में नाकेबंदी कर फरार लुटरों को पकड़ने का प्रयास किया गया। लेकिन पुलिस के हाथ कोई बड़ी सफलता नही लग सकी है। अब पुलिस आरोपियों का सुराग जुटाने के लिए सीसीटीवी खंगाल रही है।

जानकारी के मुताबिक दिनदहाड़े लूट की ये वारदात सरकंडा थाना क्षेत्र का है। यहां के भूमि विहार कॉलोनी में रहने वाली शालिनी देवांगन डॉक विभाग में काम करती है। दोपहर के वक्त शालिनी की सास खाना खाकर ऊपर के कमरे में आराम कर रही थी। नीचे घर में महिला अकेली थी, जबकि महिला का पति निजी कंपनी में अपने काम पर गया हुआ था। इसी बीच शातिर बदमाश महिला के घर में घुस गये और उस पर पिस्टल अड़ा दिया। पिस्टल देखकर महिला डर गयी, इसके बाद बदमाशों ने महिला के गले से मंगलसूत्र और अंगुठी उतरवाकर ले लिया। महिला कुछ समझ पाती, इतनी देर में बदमाश महिला को धमकाते हुए फरार हो गये।

उधर इस वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित महिला और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपी नकली पिस्टल लेकर आए थे और नकली पिस्टल का डर दिखाकर महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस लूट की जानकारी मिलते ही बिलासपुर एसपी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिला से घटना के संबंध में जानकारी ली। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों का सुराग जुटाने सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि इस वारदात में शामिल सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नक्सल प्रभावितों की केन्द्रीय गृह मंत्री से भावुक मुलाकात: छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता की सराहना
NW News