कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग ने पकड़ा जोर, कर्मचारी कल्याण संघ ने की विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात, पहल करने का मिला आश्वासन

रायपुर 6 सितंबर 2024। छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग जोर पकड़ती जा रही है। कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ के संरक्षक राकेश कुमार सिंह, उषा चन्द्राकर प्रदेश अध्यक्ष, देव साहू संभाग सचिव की अगुवाई में  पूरे प्रदेश में अभियान चल रहा है। मंत्रियों से मुलाकात के साथ-साथ सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं से भी लगातार संघ की चर्चा हो रही है। संघ का कहना है कि कर्मचारी हित में प्रदेश में कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा को तत्काल शुरू किया जाना चाहिये।

इसी कड़ी में आज कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ के संरक्षक राकेश कुमार सिंह, उषा चन्द्राकर प्रदेश अध्यक्ष, देव साहू संभाग सचिव की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह से मुलाकात की। राकेश कुमार सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि स्वास्थ्य बीमा आज के वक्त में काफी जरूरी है। कई कर्मचारी नकद पैसा नहीं होने की वजह से इलाज के दौरान आर्थिक परेशानी से जान भी गंवा रहे हैं। लिहाजा कर्मचारी हित में सरकार को संवेदनशीलता के साथ मांगों पर विचार करना चाहिये।

राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के लिए अगर कैशलेश स्वास्थ्य सुविधा शुरू हो जाती है, तो कर्मचारियों के भविष्य की चिंता दूर हो जायेगी। उन्होंने ये भी बताया कि इससे सरकार को अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं आयेगा। आज के वक्त में जो कर्मचारी अपनी और अपने परिवार के स्वास्थ्य की चिंता से परेशान रहता है, उसे परेशानी से अगर मुक्ति मिलेगी, तो कामकाज में भी इसका सार्थक असर दिखेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने राकेश कुमार सिंह को आश्वस्त किया कि वो इस दिशा में पहल करेंगे और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करेंगे, कि वो कर्मचारियों की मांगों पर विचार करें। आपको बता  दें कि संघ की तरफ से इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री, वित्त मंत्री सहित तमाम शीर्ष मंत्रियों से चर्चा की है। सभी की तरफ से सार्थक आश्वासन मिला है। माना जा रहा ह कि जल्द ही कर्मचारियों के लिए प्रदेश में कैशलेस स्वास्थ्य की सुविधा शुरू हो सकती है।

सुबह उठने के बाद उल्टी की टेंडेंसी को ना करें नजरअंदाज, इन बीमारियों के हो सकते हैं लक्षण

इधर मुलाकात के बाद राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना है। वो कर्मचारियों की मांगों पर पूर्णतया सहमत है, उन्होंने आश्वस्त किया है कि कर्मचारी हित में जरूर वो पहल करेंगे और अधिकारियों से चर्चा करेंगे।

NW News