महिला मित्र से मिलने पहुंचा युवक, तीन युवकों ने पीट-पीटकर मार डाला! दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार

रायगढ़ 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में महिला मित्र से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की तीन युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के बाद युवक की हालत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी से हेमरेजिक शॉक को मौत की वजह बताया गया है। मामले में जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर का है। पुलिस के मुताबिक, सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35) 8 सितंबर की रात ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले राजू महंत उर्फ संजय महंत, कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीनों युवकों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। उसे जमीन पर पटककर भी पीटा गया। मारपीट में शिवा को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं।
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह घर चला गया। हालांकि, घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पहले कोतवाली थाना में शून्य पर मर्ग कायम किया गया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और प्रत्यक्षदर्शियों तथा घटना के दौरान बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए।
पोस्टमार्टम में हेड इंजरी से मौत की पुष्टि
जांच के दौरान गवाहों ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपियों ने शिवा के साथ मारपीट की थी। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मृत्यु का कारण बताया।
जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण शिवा की मौत होने की पुष्टि के बाद 12 सितंबर को जूटमिल थाना में अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जेल से रिहाई के वक्त दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू महंत और कृष्णा साव पहले की एक कार्रवाई में जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और जल्द ही रिहा होने वाले हैं। पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाने लेकर आई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और मेमोरेंडम के दौरान दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा से मारपीट करना स्वीकार किया। विवेचना में गिरफ्तारी योग्य पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
मामले में आरोपी धन्नू निषाद अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सम्बंधित खबरें

लव मैरिज का दर्दनाक अंत : प्रेम विवाह के एक साल बाद पति-पत्नी ने...
57 minutes पहले
CG-नहर में बहने लगीं मां-बेटी, जान की परवाह किए बिना तीन युवकों ने लगाई...
59 minutes पहले
CG: SSB कैंप में हेड कांस्टेबल की मौत, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; मोबाइल...
1 hour पहले




















