मनोरंजन

एक्ट्रेस का 20 लाख का हार हुआ चोरी….जियारत करने आयी थी, हीरों का हार चुरा ले भागी महिला गैंग…

अजमेर 24 मई 2022: राजस्थान के अजमेर जिले में स्थित सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह से चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। यहां से एक बेशकीमती हार चोरी हो गया था। मिली जानकारी के अनुसार चोरी गया हार पाक अदाकारा नसरीन कुरैशी का था। नसरीन ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में जियारत के लिए आई थी। इसी दौरान एक शातिर महिला ने उसका बेशकीमती हार चुरा लिया। दरगाह थाना पुलिस ने महिला आरोपी को भी गिरफ्तार किया था।

9 मई 2022 को दिल्ली डिफेंस कॉलोनी निवासी नसरीन कुरैशी के प्रतिनिधि सैयद मोहम्मद नासिक उर्फ रौनक ने दरगाह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि दरगाह के अंदर जियारत के दौरान उनके मेहमान के हैंडबैग में रखा 20 लाख का बेशकीमती हार चोरी हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने दरगाह में लगे सीसीटीवी को खंगाला, जिसमें कुछ संदिग्ध महिलाएं नजर आई। पुलिस ने उन महिलाओं का पीछा किया और होटल पहुंची। वहां पता चला कि वे महिलाएं होटल का रूम खाली कर चली गईं हैं। इसके बाद पुलिस ने होटल के आसपास लगे सीसीटीवी चेक करते हुए महिला के बारे में पता किया।

पुलिस को पता चला कि वह महाराष्ट्र के अमरावती जिले की रहने वाली है। महिला के बारे में जानकारी मिलने के बाद टीम को महाराष्ट्र के अमरावती भेजा गया। अमरावती में पुलिस ने लोकल पुलिस की मदद से आरोपी महिला समीना परवीन (33) पत्नी सैयद वसीम अली को गिरफ्तार किया। महिला आरोपी के पास से बेशकीमती हार भी बरामद कर लिया है।

चोरी हुआ हार पन्ना जड़ित था। जिसकी कीमत करीब 20 लाख बताई गई। महिला चोर हार को बेचने के फिराक में थी और उसे तोड़कर अलग-अलग बेचने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। बाद में उसे अजमेर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।

Back to top button