हेडलाइन

मारे गये दोनों नक्सली की हुई पहचान, महिला नक्सली ACM मेंबर डोडी पर था 5 लाख का इनाम, नक्सली लच्छू था 1 लाख का ईनामी

दंतेवाड़ा 20 मार्च 2024। दंतेवाड़ा में जिन दो नक्सलियों को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर किया, दोनों बेहद ही खूंखार थे। दोनों के सर पर पुलिस ने सालों से इनाम भी रखा था। मंगलवार को पुरंगेल और गमपुर के जंगल में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें दो नक्सली मारे गये थे। दोनों मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त कर ली गयी है। महिला नक्सली ACM सदस्य डोडी लक्खे है, जिस पर पांच लाख का इनाम घोषित था। डोडी कई बड़े मुठभेड़ में शामिल रही थी। IED ब्लास्ट के कई वारदातों में भी उसकी उपस्थिति की जानकारी थी।

वहीं पुरुष नक्सली का नाम लच्छू है। पुलिस ने लच्छू पर 1 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। शव के साथ हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक जवानों ने बरामद किया है। आपको बता दें कि मंगलवार को दंतेवाड़ा बीजापुर के सीमावर्ती इलाके में मुठभेड़ में दो नक्सली को जवानों ने ढेर कर दिया था। मौके से दो हथियार भी बरामद कर दिये थे। किरंदुल थाना क्षेत्रान्तर्गत पुरंगेल, गमपुर के जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी।

मुठभेड़ में जहां दो नक्सली मारे गये थे, वहीं कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। सर्च के दौरान पुलिस ने दो नग हथियार एवं भारी मात्रा में गोला बारूद एवं दैनिक उपयोग की सामग्री जप्त की है। घटना स्थल के आसपास सघन सर्चिंग की गयी, जिसमें काफी सामान मिला है। दरअसल दंतेवाड़ा एवं बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र में थाना किरंदुल क्षेत्रान्तर्गत पुरंगेल गमपुर के जंगल में सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की आसूचना पर डीआरजी (DRG) एवं बस्तर फाइटर्स (BFR) दंतेवाड़ा, तथा सीआरपीएफ (CRPF) 111, 230, 231 बटालियन की यंग प्लाटून की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।

Back to top button