बिग ब्रेकिंग

CG : भीड़ की भगदड़ ने 17 महिलाओं को कुचला…..टोकन लेने पहुंची थी ग्रामीणों की भीड़… समिति प्रबंधक सस्पेंड,

बालोद 29 नवंबर 2021। बालोद में धान खरीदी केंद्र में हुई भगदड़ में 17 महिलाएं घायल हो गयी। धान खरीदी के लिए टोकन लेने पहुंची महिलाओं को भीड़ ने बुरी तरह से कुचल दिया। महिलाओं सहित ग्रामीणों की भीड़ टोकन लेने के लिए केंद्र के गेट पर खड़ी थी, इसी दौरान अचानक से गेट खुला और फिर भगदड़ मच गयी। इस घटना में कई महिलाएं नीचे गिर पड़ी, जिसके बाद भीड़ ने महिलाओं को कुचल दिया। घटना के बाद कलेक्टर जनमजय महोबे ने ने खरीदी केंद्र के समिति प्रबंधन को हटाने का निर्देश दिया।

मामला जिले के पीपरछेड़ी धान खरीदी केंद्र का है। धान खरीदी के लिए केंद्रों में टोकन बांटे जा रहे हैं। सोमवार को सुबह खरीदी केंद्र में महिलाओं और ग्रामीणों की भीड़ जुटी थी। गार्ड के गेट खोलते ही भीड़ में भगदड़ मच गयी। इस दौरान कई महिलाएं नीचे गिरी और फिर भीड़ ने उन्हें कुचल दिया। इस घटना में महिलाएं काफी चोटिल भी हुई।

सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी के समिति के प्रबंधक यशवंत कुमार साहू को निलंबित कर दिया गया है। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निलंबन की यह कार्यवाही समिति प्रबंधक द्वारा धान खरीदीे के लिए किसानों के टोकन वितरण की व्यवस्था में लापरवाही बरतने के मामले की गई है।

गौरतलब है कि एक दिसम्बर से सहकारी समितियां एवं उपार्जन केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालन करने के लिए शासन द्वारा किसानों को नियमानुसार टोकन प्रदाय करने के निर्देश शासन द्वारा दिए गए हैं। टोकन वितरण का यह कार्य समितियों के धान उपार्जन की प्रतिदिन की क्षमता के मान से दिए जाने के निर्देश हैं। समिति प्रबंधक पीपरछेड़ी यशवंत कुमार साहू द्वारा शासन के उक्त निर्देश के परिपालन में लापरवाही बरती गई। प्रबंधक द्वारा 29 नवम्बर 2021 को पीपरछेड़ी समिति से जुड़े सभी ग्रामों में मुनादी कर टोकन के लिए कृषकों को बुलाए जाने से समिति में भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे वहां अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई।

सेवा सहकारी समिति पीपरछेड़ी में टोकन लेने के लिए बड़ी संख्या में एक साथ कृषकों के पहुंचने और वहां अव्यवस्था की सूचना मिलते ही कलेक्टर  जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक  सदानंद कुमार वहॉ पहुॅचे। उन्होंने समिति में धान खरीदी की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने बताया कि समिति में अव्यवस्थित भीड़ के दौरान घायल ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सभी की स्थिति सामान्य है।

Back to top button