ब्यूरोक्रेट्स

CG : निगम कमिश्नर ने प्लास्टिक वेस्ट के निपटारे का नया नुस्खा किया तैयार….अब कोरबा में प्लास्टिक वेस्ट से तैयार हो रही है बेस्ट ईको फ्रेंडली सड़क…. कमिश्नर कुलदीप शर्मा बोले….

कोरबा 19 नवंबर 2021। प्लास्टिक की समस्या से आज पूरा देश जूझ रहा है। कभी भी खत्म न होने वाली इस जटिल समस्या से निपटने का कोरबा नगर निगम कमिश्नर कुलदीप शर्मा ने नया नुस्खा निकाला है। अब कोरबा में प्लास्टिक वेस्ट से ईको फ्रेंडली सड़क बनाने की शुरुआत की गयी है। उम्मीद है कि ये कोशिश पूरे प्रदेश में शुरू हुई तो प्लास्टिक के निपटारे का नया जरिया मिल सकता है। कोरबा नगर निगम ने पहली बार डामर में प्लास्टिक वेस्ट मिलाकर ईको फ्रेडली और मजबूत सड़क बनाने में सफलता हासिल की है।

गौरतलब है कि कोरबा जिला के सिर्फ नगर निगम क्षेत्र में ही प्रतिदिन 2 से 3 टन प्लास्टिक वेस्ट का कचरा निकलता है। इस प्लास्टिक से जहां सीधे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है, वही मानव स्वास्थ के साथ ही जीव-जंतुओं के लिए काफी हानिकारक साबित हो रहा है। ऐसे में नगर निगम के कमिश्नर कुलदीप शर्मा ने इस समस्या से निजात पाने की प्लानिंग की और नगर निगम की बनने वाली सड़को में प्लास्टिक वेस्ट डालकर सड़क बनाने का फैसला किया गया। प्लास्टिक वेस्ट मिक्स डामर से सड़क बनाने के मामले में निगम का यह पहला अनुभव था, लिहाजा निगम के कमिश्नर कुलदीप शर्मा ने स्याहीमुढ़ी में संचालित प्लास्टिक इंजीनियरिंग का पाठयक्रम संचालित करने वाले सीपेट के तकनीकि अधिकारियों का इस मसले पर सहयोग लिया।

जिसके बाद सीपेट के तकनीकि अधिकारियों की मदद से प्लास्टिक वेस्ट का बुरादा बनाकर हॉट मिक्स प्लांट में तय मात्रा के अनुरूप डामर में मिलाने से ईको फ्रेंडली और मजबूत सड़क बनने की जानकारी दी गयी। इस जानकारी के बाद निगम के इंजीनियर्स ने राजेंद्र प्रसाद नगर कालोनी में प्लास्टिक वेस्ट बेस 800 मीटर लंबी और 3.4 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया गया। प्लास्टिक वेस्ट बेस इकोफ़्रेंडली सड़क निर्माण के बाद अब जहां सड़क की गुणवत्ता और मजबूती काफी बेहतर है, वही निगम कमिश्नर कुलदीप शर्मा के इस सफल प्रयोग के बाद अब निगम में प्लास्टिक वेस्ट के निपटारे की बड़ी समस्या का समाधान भी हो गया है।

इस सफल प्रयोग के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में नगर निगम क्षेत्र के सड़क निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट का इस्तेमाल कर इकोफ़्रेंडली सड़को का निर्माण किया जाएगा। जिसके तहत कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर बकायदा घरों और बाजार से निकलने वाले प्लास्टिक को ईकटठा करने के बाद एस.एल.आर.एम. सेंटरों में कचरे से प्लास्टिक अपशिष्ट को अलग कर उसकी धुलाई सफाई कराई जाएगी, जिसके बाद प्लास्टिक वेस्ट को स्याहीमुढ़ी स्थिति सीपेट संस्थान में प्लास्टिक अपशिष्ट का बुरादा तैयार कर डामर के हाट मिक्स प्लांट में लाकर उसकी निश्चित मात्रा में मिक्सिंग कर सड़क निर्माण में उपयोग किया जाएगा। इसके बाद डामर और छोटी गिट्टी के साथ प्लास्टिक बुरादे का यह मिक्चर नगर निगम क्षेत्र के सड़क निर्माण में उपयोग करने की रणनीति बनाई गई है।

NW न्यूज़ से निगम कमिश्नर कुलदीप शर्मा बोले….

कोरबा निगम क्षेत्र से निकलने वाले प्लास्टिक वेस्ट का निपटारा एक बड़ी समस्या थी। पर्यावरण के लिए काफी हानिकारक इस प्लास्टिक की समस्या से निजात पाने के लिए इसका निगम की बनने वाली सड़कों में इस्तेमाल का फैसला लिया गया। सड़क निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट के यूज के लिए सीपेट के तकनीकी अधिकारियों से मदद ली गई थी, जिसके बाद निगम क्षेत्र में प्लास्टिक वेस्ट बेस मजबूत इकोफ्रेंडली सड़क का निर्माण किया गया है।

Back to top button