हेडलाइन

CG- हाथी का आतंक: जंगल से भटक कर धान खरीदी केंद्र में घुसा हाथी, 20 बोरी धान खाया, दहशत में रात गुजार रहे कर्मी

कोरबा 14 जनवरी 2023। कोरबा जिले में दंतैल हाथियों का आतंक खत्म होने का नाम ही नही ले रहा है। कुदमुरा वन परिक्षेत्र से भटक कर एक हाथी चचिया धान खरीदी केंद्र में घुस गया। हाथी के घुसते ही धान खरीदी केंद्र में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। आनन फानन में सभी कर्मचारियों ने खुद का एक कमरे में बंद कर लिया। उधर धान खरीदी केंद्र में घुसे हाथी ने 20 से 25 बोरी धान खाने के बाद वापस जंगल में लौट गया।

हाथी के आतंक का ये पूरा मामला कोरबा वनमंडल के कुमदुरा वन परिक्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात कुदमुरा के चचिया स्थित धान खरीदी केंद्र में दिनभर धान खरीदी करने के बाद कर्मचारी केंद्र में मौजूद थे। इसी दौरान जंगल से गुजरने के दौरान एक एक हाथी धान खरीदी केंद्र में घुस गया। हाथी की चिंघाड़ सुनकर केंद्र का चौकीदार और उपस्थिति कर्मचारी हड़बड़ा गये और मौके से किसी तरह जान बचाकर एक कमरे में जाकर छिप गये। इस दौरान हाथी ने बड़े ही इत्मीनान से 20 से 25 बोरी धान को चट कर गया। उधर हाथी द्वारा धान को खाते और नुकसान पहुचाते देख सभी ने जोर-जोर से चिल्लाने लगे।

जिसके बाद हाथी धान खरीदी केंद्र से निकलते हुए गांव से लगे जंगल की ओर चला गया। हाथी के केंद्र से जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना को धान उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों ने मोबाइल कैमरे में भी कैद कर लिया है। धान खरीदी केंद्र के कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरधारी राठिया ने बताया कि कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से विचरण कर रहा है। लेकिन इससे पहले कभी भी धान खरीदी केंद्र तक तक हाथी नहीं पहुंचे थे। ये पहली बार है जब धान खरीदी केंद्र के अंदर हाथी घुस आया और धान को चटकर कर गया। इस घटना की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम लगातार हाथियों के झुंड पर निगरानी बनाये हुए है।

Back to top button