हेडलाइन

CG : पूर्व केंद्रीय मंत्री ने 12वीं बोर्ड की टाॅपर को बनाया एक दिन की विधायक, राष्ट्रीय बालिका दिवस पर विधायक रेणुका सिंह का सराहनीय प्रयास

मनेंद्रगढ़ 25 जनवरी 2024। मेधावी छात्रों को आपने अब तक एक दिन का कलेक्टर या एसपी बनने देखा और सुना होगा। लेकिन मनेंद्रगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा विधायक रेणुका सिंह ने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की 12वीं बोर्ड की टॉपर छात्रा कोे एक दिन की विधायक बनाया। दरअसल राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विधायक रेणुका सिंह ने बेटियों को आगे बढ़ाने की दिशा में अनोखी पहल की है, जिसे सभी सराह रहे है।

गौरतलब है कि देशभर में एक दिन पहले ही राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसी कड़ी में मनेंद्रगढ़ जिला में भी बेटियों के सम्मान में कई कार्यक्रम आयोजित किये गये थे। इस विशेष दिन पर विधायक रेणुका सिंह ने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से आने वाली मेधावी छात्रा अंजली बैगा को एक दिन का विधायक बनाया। अंजली 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 77 फीसदी अंको के साथ टाॅपर थी। छात्रा के प्रदर्शन से खुश होकर विधायक रेणुका सिंह ने इसे बालिका सशक्ति करण से जोड़ते हुए छात्रा को एक दिन की विधायक बनाने की घोषणा की। इस दौरान एक दिन की विधायक अंजली बैगा ने विधायक की तरह काम भी किया। जिस तरह रेणुका सिंह अपने क्षेत्र में जनता से मिलती हैं।

कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि बनती हैं, ठीक उसी तरह अंजली बैगा ने विधायक बनकर किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की परेशानी भी सुनी।आपको बता दे कि विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय से आने वाली अंजली ने विज्ञान संकाय से बारहवीं में 77 फीसदी अंक प्राप्त किया था। यहीं वजह है कि अंजली को शासकीय नवीन महाविद्यालय जनकपुर में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्य्रकम में और महिला बाल विकास विभाग द्वारा बालिका दिवस पर भी अंजली बैगा को मुख्य अतिथि बनाया गया। एक दिन की विधायक बनी अंजली बैगा ने बताया कि उन्हें एक दिन का विधायक बनकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि विधायक रेणुका सिंह की इस अनोखी पहल से बालिकाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अंजली ने बताया कि एक दिन की विधायक बनकर उसने विधायक के दायित्व और पद की गरिमा को समझा और विधायकों की मेहनत को भी जाना।

Back to top button