हेडलाइन

CG NEWS-छुई खदान धंसी: एक महिला की मौत, 2 की हालत गंभीर, सीमा विवाद में पुलिस अधिकारी झाड़ते रहे पल्ला……

कोरबा 9 जनवरी 2023। कोरबा जिले में छुई खदान धसने से तीन महिलांए दब गयी। इस घटना में एक महिला की जहां मौके पर ही मौत हो गयी, वही दो महिलाओं को चिंताजनक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करया गया हैं। बताया जा रहा हैं कि घटना की जानकारी के बाद सीमा विवाद को लेकर उरगा और रामपुर पुलिस कार्रवाई को लेकर पल्ला झाड़ती रही, जिससे मृत महिला का देर शाम को पोस्टमार्टम हो सका।

जानकारी के मुताबिक रामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम करमंदी और बेन्दर कोना के बीच जंगल के किनारे ये हादसा सोमवार को दोपहर के वक्त हुआ। बताया जा रहा हैं कि पास के ही ग्राम जुनवानी निवासी महिलांए अवैध रूप से छुई खदान से खुदाई करके छुई निकाल रही थी। ग्रामीणों के साथ जुनवानी निवासी प्रमिला बाइ कंवर दूसरे ग्रामीण महिलांओं के साथ खदान में छुई निकालने गयी हुई थी। इसी दौरान ये हादसा हो गया और छुई खदान धसने से मलबे के अंदर प्रमिला बाई, गीता बाई और एक अन्य महिला दब गए। इस घटना को देखने के बाद मौके पर भगदड़ मच गया और बांकी ग्रामीण मौके से भाग निकले।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मिटटी में दबी प्रमिला को निकालने उसका पति मलबे के पास पहुंचा। अन्य ग्रामीणों की मदद से आनन फानन में छुई मिटटी में दबी तीनों महिलाओं को बाहर निकाला गया। इसके बाद फौरन सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रमिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वही दो अन्य घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। घटना के बाद परिजन मृत महिला के पोस्टमार्टम के लिए भटकते रहे। घटना की जानकारी के बाद मीडिया ने जब सबसे पहले उरगा थाना प्रभारी सनत सोनवानी को घटना की सूचना दी गयी।

लेकिन उन्होने घटनास्थ्ल को उरगा थाना क्षेत्र का न होकर रामपुर चौकी का बताकर इस मामले में कार्रवाई से पल्ला झाड़ दिया। इसके बाद रामपुर चौकी प्रभारी अनिल पटेल को घटना की जानकारी दी गयी। लेकिन उन्होने भी रामपुर चौकी क्षेत्र का मामला नही होने की बात कहकर कार्रवाई से मना कर दिया। बाद में जब ये मामला एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा तक पहुंचा तो उन्होने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके बाद रामपुर चौकी प्रभारी हरकत में आये महिला का पोस्टमार्टम हो सका।

Back to top button