हेडलाइन

CG NEWS: CM भूपेश के सपने को कोरबा की महिलाएं करेंगी साकार,गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाकर महिलांए बनेंगी आत्मनिर्भर, कलेक्टर ने कहा….मील का पत्थर साबित होगा…

कोरबा 31 जनवरी 2023। भारत देश को गांव का देश कहा जाता है, क्योंकि इस देश में एक तिहाई आबादी गांव में निवास करती है। आज इसी ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ के मुखिया भूपेश बघेल लगातार नई-नई योजनाओं की शुरूवात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के मंशा के अनुरूप अब आदिवासी बाहुल्य कोरबा जिला की महिलांए भी गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाकर आत्मनिर्भर भारत के साथ ही सूबे के मुखिया के सपनों को साकार करेंगी। पाली विकासखंड के दमिया में मंगलवार को प्राकृतिक पेंट निर्माण यूनिट का शुभारंभ किया गया, जिसका सीधा फायदा अब गांव की महिलाओं को मिल सकेगा।

गौरतलब हैं कि छत्तीसगढ़ के मुखिया भूपेश बघेल ने गांव, गरीब और किसानों के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरूवात की हैं। गाय का गोबर खरीदने की दिशा में पूरे देश में छत्तीसगढ़ पहला राज्य हैं, जहां गोठानों के जरिये गोबर खरीदकर वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद अब प्रदेश भर में गाय के गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की दिशा में काम चल रहा हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को कोरबा जिला के पाली विकासखंड में प्राकृतिक पेंट निर्माण यूनिट का विधिवत शुभारंभ किया गया। पाली के ग्राम दमिया स्थित गोठान में प्राकृतिक पेंट निर्माण इकाई स्थापित किया गया हैं। इसके माध्यम से अब गांव की महिलाएं भी गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाएंगी।

प्राकृतिक पेंट निर्माण से न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। प्राकृतिक पेंट निर्माण इकाई से गांव की महिलाओं को गांव में ही रोजगार मिल सकेगा। दमिया के गौठान परिसर में पाली तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा, गौसेवा आयोग के सदस्य प्रशांत मिश्रा और कलेक्टर संजीव झा ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्राकृतिक पेंट निर्माण इकाई का विधिवत शुभारंभ किया। कोरबा कलेक्टर संजीव झा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के मंशानुरूप पाली के ग्राम दमिया में प्राकृतिक पेंट का यूनिट स्थापित किया गया हैं। इस यूनिट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 500 लीटर तक की है। पहले दिन इस यूनिट से महिलाओं द्वारा 100 लीटर गोबर पेंट का निर्माण किया गया है। कलेक्टर संजीव झा ने बताया कि गांव की महिलाओं ने बहुत ही कम समय में अच्छा काम करके पेंट निर्माण इकाई के संचालन में भागीदारी निभाई है।

प्राकृतिक गोबर पेंट निर्माण इकाई का स्वामित्व व देखरेख गोैठान में कार्यरत् शिवशक्ति स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। कलेक्टर ने बताया कि गौठान निर्माण से चरणबद्ध विकास होते गए। पहले मवेशियों को गौठानों में रखकर चारा-पानी देने का काम शुरू किया गया। उसके बाद गोबर खरीदी और वर्मी कम्पोस्ट निर्माण शुरू हुआ। इसके बाद गौठानों में गांव की महिलाएं विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों में जुड़कर आत्मनिर्भर बनती गयी। अब इसी के अगले चरण में गोबर से पेंट निर्माण इकाई का स्थापना किया गया है। आने वाले दिनों में इसके अगले चरण में गोबर के फाइबर से कागज, गत्ता, थैला आदि बनाने का भी काम किया जाएगा। जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को गांव में ही ना केवल रोजगार मिल सकेगा, बल्कि प्रदेश सरकार की ये योजना ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में मील का पत्थर भी साबित होगी।

Back to top button